लखनऊ (राजेश सिंह)। मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता का निधन हो गया। वह मुलायम से उम्र में 20 साल छोटी थीं। सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता का शनिवार को गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में निधन हो गया। वह फेफड़ों में संक्रमण सहित कई बीमारियों से ग्रसित थीं। शनिवार को उन्होंने अंतिम सांस ली। साधना गुप्ता, यूपी चुनाव से पहले भाजपा में शामिल हुईं थीं। वह अपर्णा यादव की सास व प्रतीक यादव की मां थीं। वह मुलायम सिंह यादव से विवाह के पहले सपा में सक्रिय थीं पर शादी के बाद राजनीति छोड़ दी थी। साधना के भाई प्रमोद कुमार गुप्ता भी यूपी विधानसभा चुनाव 2022 से पहले भाजपा में शामिल हो गए थे। साधना गुप्ता को यूपी में 2017 के विधानसभा चुनाव के पहले सपा कुनबे में हुए विवाद से भी जोड़कर देखा जाता है। कहा जाता है कि उन्होंने अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं के कारण शिवपाल गुट का साथ दिया था और अखिलेश यादव को कमजोर करने की कोशिश की थी। हालांकि, उन्होंने इससे इनकार कर दिया था और कहा था कि अखिलेश यादव उनके बेटे की तरह ही हैं।
सड़क मार्ग से लखनऊ लाया जा रहा साधना गुप्ता का शव, कल भैंसा कुंड घाट पर होगा अंतिम संस्कार
सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव की पत्नी साधना गुप्ता का शनिवार को गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में निधन हो गया। सपा सहित विपक्ष के नेताओं ने उनकी मृत्यु पर शोक जताया है। वह करीब 65 वर्ष की थीं और शुगर सहित कई अन्य बीमारियों के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। उनका शव एयरलिफ्ट कर लखनऊ लाया जाएगा। मेदांता से साधना गुप्ता का शव सड़क मार्ग से लखनऊ लाया जा रहा है। रविवार को लखनऊ के भैंसा कुंड घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।