प्रयागराज (राजेश सिंह)। प्रयागराज के हंडिया में मकान का बारजा ढहने से पति की मौत हो गई और पत्नी घायल हो गई। जानकारी के अनुसार हंडिया क्षेत्र के ढोकरी गांव में गुरुवार भोर में बारजा ढहने पर मलबे में दबने से एक किसान की मौत हो गई जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई है। बारजा ढहने का पता चलने पर पहुंचे ग्रामीण मलबा हटाकर घायल पति-पत्नी को फौरन स्थानीय अस्पताल ले गए थे। वहां से रेफर करने पर स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल ले जाया गया जहां डाक्टरों ने पति को मृत बताया। पत्नी का इलाज किया गया। बुधवार रात बरसात के बीच ढोकरी गांव निवासी अजय विक्रम सिंह पत्नी के साथ एक कमरे में सोए थे। गुरुवार भोर में उनके मकान का कमजोर हो चुका बारजा ढह गया। उसका मलबा अजय के सिर पर गिरा। पास सो रही पत्नी सुनीता भी मलबे की चपेट में आ गई। गनीमत रही कि बच्चे साफ बच गए। चीख पुकार मची तो आसपास के लोग जुटे और मलबा हटाकर अजय और सुनीता को हंडिया में अस्पताल ले गए। वहां से एसआरएन अस्पताल भेजा गया। अजय की हालत खराब थी। सुनीता के साथ अजय को एसआरएन अस्पताल ले जाया गया। वहां पहुंचने तक में अजय की मौत हो गई। खबर गांव पहुंची तो लोग गमगीन हो गए। परिवार में कोहराम मच गया। इस घटना से जहां एक ओर परिवार को गहरा आघात पहुंचा है वहीं मकान को भी नुकसान हुआ है।