इसी मकान में मिलने पहुंचे थे राष्ट्रपति व सीएम योगी
प्रयागराज (राजेश सिंह)। पश्चिम बंगाल के पूर्व राज्यपाल केशरीनाथ त्रिपाठी के घर में वाल पेपर लगाने का काम करने वाले कर्मचारियों ने नकदी, कीमती घड़ी और मोबाइल फोन चुरा लिया। चोरी का पता चलने पर उनके बेटे अपर महाधिवक्ता नीरज त्रिपाठी ने मोहम्मद आबिद खान व इमरान खान के खिलाफ़ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस अभियुक्तों की तलाश कर रही है। पूर्व राज्यपाल सिविल लाइंस के लोहिया मार्ग पर रहते हैं। उनके बेटे ने पुलिस को बताया कि उन्होंने अपने घर में वाल पेपर लगाने का काम मेसर्स अशोक फर्निशिंग के कर्मचारियों को दिया था। अशोक फर्निशिंग से वाल पेपर खरीदने के बाद आबिद, इमरान लगाने को घर आये। आरोप है कि वाल पेपर लगाने के दौरान घर की आलमारी से राडो, सिंको की घड़ी, नकदी और मोबाइल लेकर फरार हो गए। पुलिस का कहना की मामले की जांच की जा रही है। चोरी में शामिल कर्मचारियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। उन्हें जल्द पकड़ लिया जाएगा। पश्चिम बंगाल के राज्यपाल रहे पंडित केशरी नाथ त्रिपाठी इलाहाबाद हाई कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता के अलावा यूपी विधानसभा अध्यक्ष भी रहे हैं। वह इलाहाबाद दक्षिणी से भाजपा के विधायक चुने जाते रहे और यूपी शासन में कैबिनेट मंत्री भी रहे हैं। राजनीति में उनकी खासी प्रतिष्ठा है। सभी नेता उनका सम्मान करते हैं। पिछले साल 11 सितंबर प्रयागराज आगमन पर राष्ट्रपति कोविंद उनका हाल जानने के लिए इसी निवास पर गए थे जहां चोरी की घटना हुई है। सीएम योगी आदित्यनाथ भी निवास पर जाकर उनका हालचाल लेते रहे हैं। ऐसे में पंडित जी के निवास पर चोरी की घटना को पुलिस गंभीरता से लेते हुए धरपकड़ में जुटी है।