कौशांबी (राजेश सिंह)। कौशांबी में छोटी सी बात को लेकर एक व्यक्ति ने अपने भतीजे को गोली मार दी। जिससे हड़कंप मच गया। सुचना पर पंहुची इलाकाई पुलिस छानबीन में जुटी हुई है। कौशांबी के पिपरी इलाके में बुधवार सुबह एक व्यक्ति ने अपने भतीजे को गोली मार दी। वजह भी इतनी मामूली कि पुलिस भी हैरान है। खबर पाकर पुलिस पहुंची तो आरोपित शख्स फरार हो गया था। घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराकर पुलिस आरोपित की तलाश कर रही है। घटना तियरा गांव की है। इस गांव में रहने वाला नित्यानंद मिश्रा उर्फ निगम डाक विभाग में पोस्टमैन है। बुधवार सुबह करीब छह बजे नित्यानंद और उसके चाचा आजाद बाबू के बीच दरवाजे के सामने बकरी बांधने की बात पर कहासुनी हो गई। तैश में आकर आजाद बाबू ने अपनी लाइसेंसी बंदूक लाकर नित्यानंद पर फायर कर दिया। दाएं जांघ पर छर्रे धंसने से नित्यानंद गंभीर रूप से घायल हो गया। फायरिंग से गांव में खलबली मच गई। गांव के लोग जुट गए। घायल नित्यानंद को उठाकर जिला अस्पताल ले जाया गया। मौके पर घटना की जानकारी लेने के बाद पुलिस का कहना है कि केस लिखकर गिरफ्तारी के साथ ही शस्त्र लाइसेंस निरस्त कराने की रिपोर्ट भेजी जाएगी।