मिर्जापुर (राजेश सिंह)। विंध्याचल दर्शन-पूजन को आए बिहार के दो गुटों के बीच रविवार को अष्टभुजा पुलिस चौकी के पीछे किसी बात को लेकर हुए विवाद के बाद एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के एक व्यक्ति को गोली मार दी। इससे वहां अफरा-तफरी मच गई। घायलों के शोर पर आरोपित स्कार्पियो लेकर भागने लगे। पीछा करने पर वाहन सवार बदमाश नटवां में कुछ लोगों को धक्का मारते हुए औराई की ओर गाड़ी मोड़ ली। जानकारी होते ही चील्ह पुलिस ने बदमाशों का पीछा कर लिया तो बदमाश पुरजागीर से तिलठी जाने वाले रोड की ओर चले गए, लेकिन आगे रास्ता बंद देख वे अपनी गाड़ी छोड़कर भागने लगे। ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने तीनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घायल को सीएचसी विंध्याचल पहुंचाया वहां से मंडलीय चिकित्सालय रेफर कर दिया। यहां भी चिकित्सकों ने उसे बीएचयू भेज दिया। बिहार के बक्सर जिला के बह्मपुर थाना क्षेत्र के बह्मपुर निवासी 50 वर्षीय भोला पांडेय बाबा पुत्र शंकर पांडेय अपने कुछ सहयोगियों के साथ तीन दिन पूर्व विंध्याचल में मां विंध्यवासिनी का दर्शन-पूजन करने आए थे। उनके साथ ही करीब तीन किलोमीटर दूर स्थित विक्रमगंज के भी कुछ लोग दर्शन पूजन करने आए थे। सभी लोग तीन दिनों ये यहां रहकर मां विंध्यवासिनी, अष्टभुजा, काली मां का दर्शन पूजन करने के बाद अष्टभुजा पहाड़ी पर रह रहे थे। रविवार को भोला बाबा, काशी यादव, कन्हैया यादव, विश्राम विश्वकर्मा आदि के साथ अष्टभुजा पहाड़ी पर मौजूद रहकर खाना बनवा रहे थे। वहीं पर विक्रमगंज के कुछ लोग मौजूद थे। इसी बीच गाना गाने वाली कुछ महिलाएं पहुंच गई। सभी लोग एक साथ शराब पी रहे थे, गाना भी सुन रहे थे। इसी बीच दोनों पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि विक्रमगंज के लोगों ने पिस्टल व तलवार निकालकर हमला कर दिया। विरोध करने 40 वर्षीय कन्हैया पुत्र सत्यनारायण निवासी बह्मपुर को गोली मार दी। पेट में गोली लगने से कन्हैया घायल हो गया। जानकारी होते ही विंध्याचल पुलिस पहुंची तो आरोपित स्कार्पियो लेकर भागने लगे। अष्टभुजा पुलिस चौकी के हेड कांस्टेबल परमात्मा सिंह व हेड कांस्टेबल अजय सिंह स्कॉर्पियो का पीछा किया। पीछा करते-करते कंट्रोल रूम को सूचना देने के लिए गाड़ी खड़ी किया तो स्कॉर्पियो बहुत दूर ओझल हो चुकी थी। कंट्रोल रूम की सूचना से चारों तरफ से पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया। पुलिस ने घायल को विंध्याचल सीएचसी पहुंचाया। वहां पेट में गोली फंसा देख चिकित्सक ने घायल को मंडलीय चिकित्सालय रेफर कर दिया। यहां पहुंचे एएसपी यातायात अरुण कुमार सिंह, सीओ परमानंद ने घायल को बीएचयू भेजवा दिया।
लालू से बात कराने को लेकर दोनों पक्ष भिड़े
अष्टभुजा पहाड़ी पर बिहार के दो पक्ष के लोग खाना खा रहे थे। इसी दौरान दोनों पक्षों में किसी लालू से बात कराने को लेकर विवाद हो गया और एक पक्ष ने पिस्टल निकालकर दूसरे पक्ष के एक व्यक्ति को गोली मार दी। इसमें कन्हेया निवासी बह्मापुर घायल हो गया।
संजय वर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक नगर ने बताया कि बिहार के दो पक्ष के लोग विंध्याचल में आए थे। अष्टभुजा पहाड़ी पर शराब पीकर दोनों ने लालू से बात कराने को लेकर विवाद कर लिया और एक व्यक्ति को गोली मार दी। इस मामले में पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।