प्रयागराज (राजेश सिंह)। प्रयागराज में पुलिस और बदमाशों में मुठभेड़ हो गई। पूरामुफ्ती पुलिस ने बदमाशों को घेर लिया तो बदमाश पुलिस पर फायर करते हुए भागने लगे। जवाबी फायरिंग में पुलिस की गोली से एक बदमाश के पैर में गोली लगी, इससे वह जख्मी होकर गिर पड़ा। पुलिस ने घायल बदमाश के साथ ही उसके एक साथी को गिरफ्तार कर लिया है। घायल बदमाश को अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। पूरामुफ्ती पुलिस की सफदरगंज ईंट-भट्टे के पास रविवार देर रात बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। दोनों तरफ से फायरिंग हुई और एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया। उसके साथी को भी घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। इनके पास से भारी मात्रा में अर्ध निर्मित तमंचा बरामद किया गया है। पुलिस के मुताबिक दोनों तमंचा बनाकर बेचते थे।
सफदरगंज ईंट-भट्टे के पास झाड़ियों के पीछे रविवार देर रात थाना प्रभारी पूरामुफ्ती उपेंद्र प्रताप सिंह ने आग जलती हुई देखी तो आवाज लगाई। इस पर कुछ लोग भागने लगे। पुलिस के रुकने की बात कहने पर भाग रहे बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इस पर पुलिसकर्मियों ने भी जवाबी फायरिंग की। पुलिस फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लगी और वही गिर पड़ा, जबकि उसके साथी को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। घायल बदमाश को स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसपी सिटी संतोष कुमार मीना ने बताया कि गोली लगने से रत्नेश उर्फ नेकलेस निवासी मेहंदीपुर थाना पिपरी जनपद कौशांबी घायल हुआ है। उसके साथी गोलू निवासी महमूदपुर मनौरी, पिपरी कौशांबी को भी पकड़ लिया गया है। दोनों तमंचा बना कर बेचते थे। आधा दर्जन से अधिक अर्ध निर्मित तमंचा बरामद किया गया है। इनके और साथियों की तलाश की जा रही है।