मेजा, प्रयागराज (श्रीकान्त यादव)। मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन संजीवनी के तहत मेजा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 8 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस आयुक्त पियूष मोर्डिया के निर्देशन और डीसीपी यमुनानगर विवेक चंद्र यादव के पर्यवेक्षण में यह अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 21 सितंबर की रात करीब 11:48 बजे मुखबिर की सूचना पर मेजा पुलिस टीम ने मदरा मुकुंदपुर घाट के किनारे बाबा अंबेडकर के बाग के पास घेराबंदी कर एक युवक को धर दबोचा। तलाशी में उसके पास से 8 किलो अवैध गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोनू शुक्ला पुत्र श्यामसुंदर, निवासी बिसहिजन खुर्द, थाना मेजा, उम्र 38 वर्ष के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह गंगापार से गांजा लाकर मेजा रोड क्षेत्र में चोरी-छिपे बेचता था और उसके पास कोई वैध कागजात नहीं हैं। गांजा सप्लाई करने वाले के बारे में उसने बताया कि वह पहली बार मिला था, उसे पहचानता नहीं है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में दरोगा कमलेश कुमार गिरि, दरोगा उमेश कुमार, हेड कांस्टेबल सर्वजीत चौहान, शिवम कुमार राय और राहुल कुमार शामिल रहे। थाना प्रभारी मेजा धनन्जय कुमार पाण्डेय पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
