प्रयागराज (राजेश सिंह)। प्रयागराज पुलिस ने गो-तस्कर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। कौड़िहार ब्लाक प्रमुख और गो-तस्कर मोहम्मद मुजफ्फर की करीब 12 करोड़ की संपत्ति शुक्रवार को पुलिस, प्रशासन के अधिकारियों ने कुर्क कर दी। गैंगस्टर के दर्ज मामले के तहत यह कार्रवाई हुई। गो-तस्कर की यह संपत्ति बमरौली क्षेत्र में थी। नवाबगंज के चफरी गांव का रहने वाला मुजफ्फर कुख्यात गो-तस्कर है। वह कौडि़हार से समाजवादी पार्टी का ब्लाक प्रमुख भी है। उस पर प्रयागराज समेत कई जनपदों में गो तस्करी के मामले दर्ज हैं। गैंगस्टर के तहत भी पुलिस ने उस पर कार्रवाई की है। उसकी बेनामी संपत्तियों को लगातार कुर्क किया जा रहा है। पिछले दिनों मोहम्मद मुजफ्फर की लगभग 16 करोड़ की संपत्ति कुर्क की गई थी। इसी बीच धूमनगंज पुलिस को पता चला है कि बमरौली में भी मुजफ्फर की संपत्ति है। जांच पड़ताल में मामला सही निकला जिस पर धूमनगंज पुलिस ने इस बेनामी संपत्ति की रिपोर्ट बनाकर डीएम को सौंपा। दो दिन पहले डीएम ने इस संपत्ति को कुर्क करने का आदेश दिया। शुक्रवार दोपहर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी बमरौली पहुंचे और गो तस्कर मुजफ्फर की करीब 12 करोड़ की संपत्ति कुर्क कर दी। कुर्की संबंधित बोर्ड भी यहां लगवाया गया।