बलरामपुर (राजेश सिंह)। पति के प्रेम प्रसंग से तंग आकर महिला आरक्षी कोकिला यादव ने पंखे से लटककर अपनी जान दे दी। संतकबीर नगर के थाना बखिरा के ग्राम बौर व्यास निवासी महिला आरक्षी कोकिला यादव जिले के गैंड़ासबुजुर्ग थाना में तैनात थी। सोमवार आधी रात के बाद महिला आरक्षी का शव उसके कमरे के अंदर फंदे के सहारे पंखे से लटकता मिला। कमरे में मिले सुसाइड नोट से उसके आत्महत्या के कारणों का पता चला है। पुलिस ने पति आजमगढ़ जिले में तैनात आरक्षी विजय कुमार यादव के खिलाफ मुकदमा लिखा है। मृतका के पिता जवाहर लाल यादव ने बताया कि बेटी की शादी बगल गांव के लालाजोत निवासी विजय के साथ 20 नवंबर 2021 को हुई थी। शादी के बाद बेटी को पति का किसी दूसरी महिला के साथ संबंध हाेने की बात पता चली। इसे लेकर दोनों के बीच आए दिन विवाद होता रहता था। पिछले बुधवार को विजय उसके पास आया था। उसके बाद से वह और परेशान हो गई थी। सोमवार को भी रात में विजय ने कोकिला को फोन मिलाया था। कई बार मिलाने के बाद जवाब न मिलने पर विजय ने सामने रहने वाली आरक्षियों को फोन किया। महिला आरक्षियों ने कोकिला के कमरे का दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर कोई हलचल नहीं हुई। इस पर सिपाहियों ने थाने में सूचना दी। प्रभारी निरीक्षक गौरव सिंह तोमर आरक्षियों के साथ दरवाजा तोड़ कर अंदर दाखिल हुए। देखा की कोकिला का शव फंदे के सहारे पंखे से लटका हुआ है। जांच शुरू हुई तो मौके पर सुसाइड नोट पाया गया। पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार सक्सेना ने बताया कि रात करीब 1.30 बजे महिला आरक्षी का शव मिला। सुसाइड नोट में उसने अपने पति के प्रेम प्रसंग का जिक्र किया है। उसी के आधार पर विजय कुामर यादव के खिलाफ रिपोर्ट लिखकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।