प्रयागराज (राजेश सिंह)। माफिया अतीक अहमद की 6.60 करोड़ की संपत्ति पुलिस ने शुक्रवार को कुर्क कर दी। यह संपत्ति प्रयागराज के कसारी मसारी और चकिया में थी। गैंगस्टर एक्ट के तहत दर्ज मुकदमे को लेकर यह कार्रवाई की गई है। अभी पिछले दिनों सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अतीक अहमद की 123 करोड़ 28 लाख से अधिक की संपत्ति पुलिस ने कुर्क की थी।
माफिया अतीक अहमद के खिलाफ पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। दो दिन पहले झूंसी के हवेलिया में माफिया अतीक अहमद और उसके रिश्तेदारों की एक अरब 23 करोड़ से अधिक की संपत्ति कुर्की गई थी। इसी क्रम में शुक्रवार को कसारी मसारी और चकिया स्थित उसकी बेनामी संपत्तियों को धूमनगंज पुलिस ने कुर्क कर दिया।
कुर्की की कार्रवाई से पहले मुनादी करवाई गई और फिर संपत्तियों को कुर्क कर बोर्ड लगवाया गया। धूमनगंज इंस्पेक्टर राजेश मौर्या का कहना है कि माफिया अतीक अहमद ने यह संपत्तियां अपराध से अर्जित धन से खरीदी थी।
माफिया अतीक अहमद इन दिनों गुजरात के साबरमती जेल में सजा काट रहा है। उसकी अवैध रूप से अर्जित संपत्ति पर पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में बुधवार को अतीक की गंगापार के झुंसी हवेलिया में 123 करोड़ 28 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति पुलिस ने कुर्क की थी। यह अतीक पर सबसे बड़ी कार्रवाई मानी जाती है। कुर्की के पहले अधिकारियों ने कुर्की से पहले मुनादी कराई थी। कुर्की के बाद बोर्ड लगाकर दो जमीनों को कब्जे में लिया था। कुर्क संपत्ति से छेड़छाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी थी।
अतीक अहमद प्रयागराज के शहर पश्चिमी में पांच बार विधायक रह चुका है। वहीं फूलपुर संसदीय सीट से एक बार सांसद रह चुका है। अतीक शहर के खुल्दाबार के चकिया इलाके का निवासी है। पुलिस के अनुसार अतीक इंटर स्टेट (आइएस-227) गैंग का लीडर भी है। खुल्दाबाद थाने का हिस्ट्रीशीटर और कई थानों में अतीक पर 100 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। धूमनगंज में गैंगेस्टर एक्ट का केस दर्ज है। पुलिस अतीक द्वारा अपराध से अर्जित संपत्ति का पता लगाकर कार्रवाई कर रही है।