प्रयागराज (राजेश सिंह)। प्रयागराज मिर्जापुर राजमार्ग पर दो किलोमीटर की दूरी में बीते 24 घंटे में दो अलग अलग सड़क हादसो में दो युवकों की मौत हो गई। दो गंभीर रूप से घायल हो गए। जिनमे से एक युवक की पिछले साल ही शादी हुई थी। 21 दिन पहले ही वह पिता बना था। घायल दोनों युवकों की हालत गंभीर बताई जा रही है। जिन्हे स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
नैनी कोतवाली क्षेत्र के अम्बेडकर नगर मोहल्ला निवासी माता प्रसाद गौड़ घर के समीप रेहडी लगाते है। उनका बेटा ऋषभ गौड़ (18) इंटर का छात्र था। ऋषभ अपने दोस्त कुलदीप निषाद उर्फ मुल्ला (21) पुत्र लल्लू प्रसाद निषाद के साथ शाम को चार बजे के करीब शहर गया था। रात में लौटते समय मिर्जापुर हाईवे पर जाम लगा था। इसलिए ऋषभ साथी संग रांग साइड से घर लौट रहा था। अरैल मोड़ से जेल रोड पुलिस चौकी के समीप एक ट्रक वाले ने टक्कर मार दी। जिससे दोनो गंभीर रूप से घायल हो गए।सूचना के बाद पहुंचे जेल रोड पुलिस चौकी इंचार्ज सुमित त्रिपाठी ने घायलों को एसआरएन हॉस्पिटल पहुंचाया। जहां चिकित्सको ने ऋषभ को मृत घोषित कर दिया। दोस्त कुलदीप को एसआरएन अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया है।
इसी क्रम में नैनी कोतवाली क्षेत्र के ही लेप्रोसी मिशन चौराहे के समीप शुक्रवार की रात करीब 11 बजे तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार यशपाल सिंह (32) की मौत हो हो। विजय सिंह निवासी सिहावल जिगना मिर्जापुर का बेटा यशपाल सिंह के आफिस का सहकर्मी अश्वनी पांडेय (28) पुत्र शिव शंकर पांडेय निवासी सिविल लाइंस, प्रयागराज गंभीर रूप से घायल हो गए।
यशपाल के बहनोई दीपक सिंह प्रधान कतवारूपुर, हनुमानगंज, सराय इनायत ने बताया कि यशपाल दो भाई और दो बहनों में सबसे छोटा था। साल भर पहले उसकी शादी दिव्या सिंह के साथ हुई थी। 20 जनवरी को उसकी पत्नी दिव्या सिंह ने एक बेटी को जन्म दिया था। 3 फरवरी को पत्नी और बेटी को घर छोड़कर यशपाल नैनी स्थित अपने कमरे पर आया था। वह प्रयागराज के सिविल लाइन स्थित एक मोबाइल कंपनी में सेल्स एग्जीक्यूटिव के पद पर कार्यरत था। अश्विनी पांडेय भी उसके साथ काम करता है। दोनों लोग शुक्रवार की रात करीब 10 बजे ऑफिस बंद होने के बाद मोटरसाइकिल से नैनी अपने कमरे पर जा रहे थे। लेप्रोशी मिशन चौराहे के समीप तेज रफ्तार ट्रक से धक्का लगने पर बाइक चला रहा यशपाल सिंह ट्रक के पहिए के नीचे आ गया। उसका हेलमेट पहने सिर पर ट्रक का पहिया चढ़ गया। जिससे उसका सिर और एक आंख पूरी तरह से डैमेज हो गई। अश्वनी पांडेय दूर गिरा इसलिए वह सिर्फ घायल हुआ लेकिन हालत उसकी भी गंभीर है। सूचना के बाद पहुंची पुलिस दोनों को लाद फांदकर अस्पताल ले जा रही थी। रास्ते में यशपाल की मौत हो गई।