Ads Area

Aaradhya beauty parlour Publish Your Ad Here Shambhavi Mobile

प्रयागराज: कच्चे मकान में आग लगने से गृहस्थी का सामान जलकर राख, महिला और मवेशी झुलसे

SV News

प्रयागराज (राजेश सिंह)। सोमवार की बीती रात करछना क्षेत्र के मोगलहा पचदेवरा गांव में कच्चे मकान में आग लग जाने से गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया और एक महिला और एक मवेशी झुलस गए। उनके अलावा अनाज, बर्तन, कपड़े, साइकिल, तीन पहिया ट्राली जलकर नष्ट हो गई। पता चलने पर पहुंचे ग्रामीणों ने घंटो की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। स्थानीय लोगों ने पुलिस और तहसील प्रशासन को सूचना दे दी है।
मिली जानकारी के अनुसार पचदेवरा गांव के रहने वाले फूलचंद्र पटेल पुत्र कालू प्रसाद पटेल खेती किसानी करते हैं। उनके घर के लोग सोमवार रात खाना खाकर सो गए। आधी रात के बाद उनके कच्चे मकान में आग लग गई। जब तक लोग जगे, तब तक आग पूरे घर को अपने कब्जे में ले चुकी थी। घरवालों ने शोर मचाया तो गांव के लोग दौड़ पड़े। आनन फानन में आग बुझाने की प्रक्रिया शुरू हुई। घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग की लपट से फूलचंद पटेल की बहु सीमा उर्फ गुड़िया देवी (22) झुलस गई। उनकी एक भैंस भी झुलस गई।
फूलचंद पटेल ने बताया कि आग में उनकी गृहस्थी का सारा सामान जल गया है। उनके पास खाने तक का अनाज नहीं बचा है। खाने के लिए रखा गेहूं, चावल, बर्तन, कपड़े, साइकिल, ट्राली सब जल गया है। इंस्पेक्टर करछना विश्वजीत सिंह ने बताया कि आग लगने की सूचना पता चली थी। आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। कुछ लोग शॉर्ट सर्किट तो कुछ चूल्हे की चिंगारी से लगी आग बता रहे हैं। जांच की जा रही है। आग लगने का असली कारण पता नहीं चल पाया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Top Post Ad