Ads Area

Aaradhya beauty parlour Publish Your Ad Here Shambhavi Mobile

प्रयागराज: यमुनानगर मे घर मे खून से लथपथ पड़े मिले पति-पत्नी

SV News

पत्नी का पेट फटा था, पति के गले से निकल रहा था खून, दोनों के हाथ में था चाकू

प्रयागराज (राजेश सिंह)। प्रयागराज के यमुनानगर मे एक घर में पति-पत्नी खून से लथपथ मिले। पत्नी का पेट फटा था। जबकि पति के गले पर धारदार हथियार से हमले के निशान हैं। दोनों के हाथ में चाकू थे। ऐसा कहा जा रहा है कि आपसी झगड़े के बाद दोनों ने एक-दूसरे को मारने की कोशिश की। उनकी चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी वहां पहुंचे। उन्हें घायल अवस्था में लेकर एसआरएन अस्पताल पहुंचे। मामला यमुनापार के घूरपुर इलाके का है।
अस्पताल में डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। वहीं, पति की हालत बेहद गंभीर है। लोगों ने बताया कि मक्खन (46) अपनी पत्नी सुमन के चरित्र पर शक करता था। दोनों में आए दिन झगड़ा होता था। बुधवार को भी विवाद हुआ और बात बहुत ज्यादा बिगड़ गई। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी है।
नीबी गांव निवासी मक्खन लाल भारतीया यहीं पर अमरूद, नींबू, बैर की बाग किराये पर लेकर उसकी देखरेख करता है। फलों की बिक्री करके अपना परिवार चलाता है। परिवार में पत्नी सुमन (40) के अलावा तीन बच्चे हैं। बेटी की शादी हो चुकी है। दोनों बेटे शिवम (18) और छोटा विवेक (16) मजदूरी करते हैं। दोनों बेटे बुधवार को अपने काम पर नैनी गए थे।
घटना रात करीब 8 बजे की है। घर पर सिर्फ मक्खन लाल और पत्नी सुमन भारतीय थे। पड़ोसियों के मुताबिक, रात में मक्खन और सुमन के घर से चीखने की आवाज आ रही थी। थोड़ी देर बाद जब पड़ोसी घर पहुंचे तो देखा कि दोनों लहुलूहान अवस्था में जमीन पर पड़े थे। सुमन के पेट से खून बह रहा था। उधर, मक्खन भी अचेत अवस्था में पड़ा था। कमरे में चारों तरफ खून ही खून था। दोनों के ही हाथों में चाकू थे।
पड़ोसियों ने दोनों बेटों को फोन कर घर बुलाया। फिर घायलों को नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां से डॉक्टरों ने एसआरएन अस्पताल के लिए रेफर किया। करीब एक घंटे के अंदर ही सुमन की मौत हो गई। वहीं, मक्खन जिंदगी और मौत से जूझ रहा है।
डॉक्टरों का कहना है कि सुमन के पेट पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला किया गया था, इसलिए पेट फट गया। शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोट के निशान मिले हैं। मक्खन की हालत चिंताजनक है। उसे आईसीयू में शिफ्ट किया गया है। गले पर चोट के गहरे निशान हैं।
पड़ोस में रहने वाले रामकरण, छोटू, गुड्डू आदि ने बताया कि मक्खन और सुमन में आए दिन विवाद होता था। मक्खन शराब पीकर झगड़ा करता था। दोनों में आए दिन मारपीट भी होती थी। लेकिन किसी को यह एहसास नहीं था कि इतनी बड़ी बात हो जाएगी। वहीं, बेटों का कहना है कि पापा को मम्मी पर शक था। उन्हें लगता था कि मम्मी का किसी और से संबंध है। इसलिए वह झगड़ा करते रहते थे।
इंस्पेक्टर घूरपुर अश्विनी कुमार ने बताया कि दोनों बेटे मजदूरी करने जाते हैं। इसलिए घर पर कोई नहीं था। बेटों की तहरीर के मुताबिक, मक्खन अपनी पत्नी पर शक करता था। इस वजह से झगड़े में दोनों ने एक दूसरे पर हमला किया। हालांकि घटना के मुख्य कारणों का पता लगाया जा रहा है। मक्खन के होश में आने के बाद उसका बयान दर्ज किया जाएगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Top Post Ad