प्रयागराज (राजेश सिंह)। प्रयागराज के सरायममरेज थाना क्षेत्र में राजस्व कर वसूलने जा रहे अमीन को बाइक सवार बदमाशों ने दिनदहाड़े गोली मार दी। जिससे इलाके मे सनसनी फ़ैल गई। एक बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने घटना को अंजाम दिया। सुचना पर पंहुची इलाकाई पुलिस जांच पड़ताल मे जुटी हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार भदौही जनपद के थाना कोइरौना बाजार निवासी अमीन रमाकांत सरोज प्रयागराज के हंडिया तहसील में अमीन हैं। शुक्रवार को वह अपने साथी राघवेंद्र की बाइक से राजस्व की वसूली करने मर्रो गांव जा रहे थे। जैसे ही वह सिरसा चौराहे पर पहुंचे ही थे कि नकाबपोश बदमाशों ने बाइक से पीछा करना शुरू कर दिया। गोठवां गांव के पास पहुंचे ही थे कि बदमाशों ने अमीन को रूकने का इशारा किया लेकिन अमीन ने गाड़ी नहीं रोकी। इस दौरान एक बदमाश ने अमीन पर गोली चला दी। गोली अमीन रमाकांत सरोज के दाहिने कंधे पर लगी। घटना से इलाके मे हड़कंप मच गया। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल हो गया। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सराय ममरेज तरुणेंद्र त्रिपाठी व तहसीलदार हंडिया आकांक्षा मिश्रा मौके पर पहुंचे। डायल 108 एंबुलेंस की मदद से घायल अमीन को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हंडिया ले जाया गया। जहां डाक्टरों ने इलाज के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
वहीं मामले मे प्रयागराज पुलिस के उच्चाधिकारियों का कहना है कि शुक्रवार को समय लगभग सवा बारह बजे दोपहर थाना सरायममरेज क्षेत्रांतर्गत हंडिया तहसील में कार्यरत अमीन रमाकांत सरोज अपने सहकर्मी के साथ क्षेत्र में कारसरकार हेतु बाइक से जा रहे थे तो गोठवां गांव के पास एक बाइक पर सवार तीन अज्ञात व्यक्ति जो अपना चेहरा ढके हुए थे रामाकांत सरोज पर फायर कर दिया, गोली रमाकांत के दाहिने हाथ में लगी जिनका इलाज चिकित्सकों द्वारा करवाया जा रहा है। रमाकांत की हालत को स्थिर बताया गया है, तहरीर प्राप्त कर अज्ञात गोली चलाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ अभियोग पंजीकरण की कार्रवाई करते हुये गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिये टीमों को लगाया गया है। थाना प्रभारी सरायममरेज को यथाशीघ्र घटना के सफल अनावरण हेतु निर्देशित किया गया है।