परिजनों मे मचा कोहराम, जांच में जुटी पुलिस
प्रयागराज (राजेश सिंह)। गंगानगर के थरवई थाने के पैगम्बरपुर चौराहे पर एक युवक की उसी के कमरे में धारदार हथियार से हत्या करके लाश के चेहरे को तेजाब से जला दिया गया। कमरे से बदबू आने पर लोगों ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। घटना की जानकारी पर पहुंचे परिजनों ने कमरे का शटर उठाया तो युवक की लाश देखकर हड़कंप मच गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची धरवई पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घरवई थाने के पैगम्बरपुर गांव के मूलचन्द्र यादव परिवार सहित गांव में रहते है। मूलचन्द्र यादव का पैगम्बरपुर चौराहे पर निजी कमरा है। उसका बेटा राहुल यादव (20) वर्ष शहर के एक निजी अस्पताल में जॉब करता है। राहुल यादव पैगम्बरपुर चौराहे पर रहता था। बुधवार की सुबह कमरे से बदबू आने पर आसपास के लोगों ने इसकी जानकारी परिजनों को दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शटर उठा कर देखा तो राहुल की लाश बिस्तर पर पड़ी थी। सिर और चेहरे पर चोट के निशान थे। चेहरे को तेजाब से जलाया गया था, कमरे में खून फैला था। बेटे की लाश देखकर परिजनों में कोहराम मच गया। राहुल दो भाई और तीन बहन में सबसे बड़ा था। डीसीपी गंगानगर अभिषेक भारतीया ने बताया कि एक युवक की कमरे में हत्या की जानकारी मिली है पुलिस घटना की जांच कर रही है।