मिर्जापुर (राजेश सिंह)। मिर्जापुर जिले में डगमगपुर गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार सुबह एक कार की किसी अज्ञात वाहन में टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचित किया। सूचना से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। मिर्जापुर देहात कोतवाली क्षेत्र के भिस्कुरी गांव निवासी मनोज कुमार (35) किसी काम से चुनार गए थे। कार वह खुद चला रहे थे। सोमवार सुबह चुनार से घर लौट रहे थे। पड़री थाना क्षेत्र के डगमगपुर के पास कार की किसी अज्ञात वाहन से टक्कर हो गई। राहगीरों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची पड़री थाने की पुलिस ने कार सवार को बाहर निकाला। मनोज को अस्पताल ले जाया गया। जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। शिनाख्त के बाद पुलिस ने परिजनों को सूचित किया। परिजनों का आरोप है कि यह हादसा नहीं है। साजिश के तहत मनोज की हत्या की गई है। थानाध्यक्ष अजित श्रीवास्तव ने बताया कि हादसे में कार सवार की मौत हुई है। परिजन हत्या का आरोप लगा रहे हैं। तहरीर के आधार पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।