बेहोश होने पर परिजनों ने घेरा थाना
घटना की सूचना पर एसीपी निकिता श्रीवास्तव मौके पर पहुंचीं
प्रयागराज (राजेश सिंह)। खुल्दाबाद थाना क्षेत्र की अटाला चौकी प्रभारी दीपक नागर पर एक युवक की कथित पिटाई का मामला सामने आया है। आरोप है कि चौकी पर हुई मारपीट के बाद युवक बेहोश हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन और स्थानीय लोग खुल्दाबाद थाने पहुंच गए और घेराव कर कार्रवाई की मांग करने लगे।
पीड़ित युवक का आरोप है कि एक युवक ने उसे साइन कराने के बहाने धोखे से अटाला चौकी पर बुलाया था। आरोप है कि चौकी पहुंचने के बाद उसके साथ मारपीट की गई। युवक ने चौकी प्रभारी दीपक नागर पर भी पिटाई करने का आरोप लगाया है। मारपीट के बाद युवक के बेहोश होने की बात कही जा रही है।
घटना की सूचना पर एसीपी निकिता श्रीवास्तव मौके पर पहुंचीं। उन्होंने परिजनों और स्थानीय लोगों से बातचीत कर उन्हें समझाया-बुझाया, जिसके बाद स्थिति शांत हुई। पुलिस अधिकारियों ने मामले की जांच का आश्वासन दिया है। फिलहाल युवक की ओर से लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस का आधिकारिक पक्ष और जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
खुल्दाबाद थाने का घेराव, चक्का जाम
प्रयागराज के खुल्दाबाद थाना क्षेत्र में एक वाहन को रोकने और फिर छोड़ने के बाद दोबारा पकड़े जाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया, आरोप है कि पुलिस ने पहले वाहन को रोककर छोड़ दिया था, लेकिन बाद में संबंधित व्यक्ति को उसके घर से पकड़ लिया और पिटाई की, इससे नाराज स्थानीय निवासी और कुछ वकील खुल्दाबाद थाने पहुंच गए और पुलिस के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया, आक्रोशित लोगों ने थाने का घेराव करने के साथ चक्का जाम भी किया।
