प्रयागराज (राजेश सिंह)। भीषण गर्मी व हीट वेव से जल्द राहत मिल सकती है। एक दो दिन में बारिश हो सकती है। चिलचिलाती धूप, तेज गर्मी और हीट वेव से जल्द राहत मिल सकती है। शुक्रवार को दिन का तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक रिकॉर्ड किया गया। गर्मी और धूप से लोग परेशान दिखे। सड़कों पर भी सन्नाटा रहा। आने वाले एक दो दिनों में तेज गर्मी से राहत मिलने की संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान पर नजर डालें तो एक दो दिन में बारिश के आसार लग रहे हैं। शनिवार और रविवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ बारिश या गरज के साथ बारिश या धूल भरी आंधी चलने की संभावना जताई गई है। बृहस्पतिवार को भी सूरज ने तेवर दिखाया और तापमान 44 डिग्री के ऊपर चला गया था। छाता, गमछा से मुंह ढककर लोग तीखी धूप एवं गर्म हवाओं से बचने की कोशिश करते रहे लेकिन राहत नहीं मिली। लोग पेड़ की छांव भी तलाशते रहे लेकिन यह भी नसीब नहीं हुआ।
शुक्रवार को भी सुबह से ही लोग गर्मी की वजह से बेचैन रहे। सूरज के साथ पारा भी चढ़ता गया तथा अधिकतम तापमान 45 डिग्री तक पहुंच गया। लोगों को हीट वेव का भी सामना करना पड़ा। तेज लू के थपेड़ों से लोग बेहाल दिखे। आजाद पार्क, मिंटो पार्क, पीडी टंडन पार्क और हाथी पार्क में काफी भीड़ देखी गई। लोग गर्मी से बचने के लिए शिकंजी, गन्ने का जूस, बर्फ के गोले का सेवन करते देखे गए। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार और रविवार को बादल छाए रहने एवं बूंदाबांदी के आसार हैं, लेकिन दिन में तापमान 45 डिग्री के करीब ही बना रहेगा। हालांकि, सोमवार से तापमान में मामूली कमी की उम्मीद है।