प्रयागराज (राजेश सिंह)। पोंगहट पल के पास प्रभु निवास पारस ग्रीन अपार्टमेंट में रहने वाले चौकी प्रभारी नीवां जितेंद्र सिंह की पत्नी कंचन सिंह (33) ने शनिवार देर रात फंदे से लटककर खुदकुशी कर ली।
खबर मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने जांच की। कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिलने की बात कही जा रही है, लेकिन कंचन ने खुदकुशी किन कारणों से की, यह अभी स्पष्ट नहीं है।
कानपुर की रहने वाली कंचन सिंह का विवाह करीब दो वर्ष पहले उप निरीक्षक जितेंद्र सिंह से हुआ था। कंचन सिंह हाई कोर्ट में अधिवक्ता थीं और पति के साथ प्रभु निवास पारस ग्रीन अपार्टमेंट के नौवें तल पर स्थित फ्लैट में रहती थीं। शनिवार रात नीवां चौकी प्रभारी जितेंद्र सिंह नाइट ड्यूटी के लिए निकले। फ्लैट में कंचन सिंह अकेले थीं।
देर रात अचानक जितेंद्र सिंह ने किसी पड़ोसी को फोन कर फ्लैट में जाकर पत्नी को बचाने की बात कही। इसके बाद वह खुद भी पहुंचे। दरवाजा भीतर से बंद था। किसी प्रकार दरवाजा खोल गया तो कमरे में कंचन की फंदे से लाश लटक रही थी। खबर मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। सूत्रों की मानें तो खुदकुशी करने से पहले कंचन सिंह ने जितेंद्र सिंह से वीडियो काल पर बात की थी।
उसने आत्महत्या की बात कही थी, जिसके बाद जितेंद्र सिंह ने पड़ोसी को फोन कर फ्लैट में भेजा था। यह भी पता चला है कि कंचन सिंह के माता-पिता यहां आए थे और शाम को ही कानपुर के लिए रवाना हुए थे। इस संबंध में एसीपी धूमनगंज और थाना प्रभारी को कई बार फोन लगाया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।
