Ads Area

Aaradhya beauty parlour Publish Your Ad Here Shambhavi Mobile

प्रयागराज: इलाहाबाद यूनिवर्सिटी में तोड़फोड़, लूटपाट मामले में दो छात्रनेता गिरफ्तार

SV News

प्रयागराज (राजेश सिंह)। इलाहाबाद विश्वविद्यालय में तीन दिन पहले हुए बवाल के मामले में दो छात्रनेताओं को गिरफ्तार किया गया है। इनमें जीतेंद्र धनराज व अजय सिंह यादव उर्फ अजय सम्राट शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि जीतेंद्र पर पहले से 15 मुकदमे दर्ज हैं। उसका नाम विवेचना के दौरान प्रकाश में आया। वह मूल रूप से करीमुद्दीनपुर गाजीपुर का रहने वाला है। उसे चैथम लाइन के पास से पकड़ा गया। उधर अजय सिंह यादव मुकदमे में नामजद है। वह झूंसी का रहने वाला है। इस मामले में कुल छह छात्रनेताओं के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की गई है। इनमें से चार अभी फरार हैं जिनकी तलाश की जा रही है। बता दें कि 11 जुलाई को बीवोक के छात्र आशुतोष दुबे की मौत के अगले दिन इविवि में जमकर बवाल हुआ था। 
विश्व विद्यालय प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाकर जाम लगाने के साथ ही विरोध प्रदर्शन किया गया था। इस दौरान संस्कृत विभाग में शिक्षिकाओं से मारपीट का वीडियो भी सामने आया था। विवि प्रशासन की ओर से लूटपाट का भी आरोप लगाया गया है। इस मामले में कुलानुशासक की ओर से दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया है कि विवि के विभिन्न विभागों में अजय सिंह यादव उर्फ अजय सम्राट के नेतृत्व में लगभग 20 लोगों ने तोड़फोड़ की और रजिस्टर आदि फाड़ डाले। कई शिक्षक व शिक्षिकाओं पर ईंट-पत्थरों, राॅड आदि से हमला किया गया। संस्कृत विभाग के शिक्षक और शिक्षिकाओं के गहने व रुपये छीन लिए गए। एसीपी कर्नलगंज राजेश कुमार यादव ने बताया कि दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Top Post Ad