प्रयागराज (राजेश सिंह)। अपना दल एस 2014 से एनडीए के साथ है। 2024 में भी साथ रहेंगे, पहले से बड़ी सफलता प्राप्त करेंगे। विपक्षी दलों के गठबंधन आइएनडीआइए में हताश और निराश हैं। यह टिप्पणी अपना दल एस की राष्ट्रीय अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने की।
उन्होंने सर्किट हाउस में सोमवार को पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में कहा, विपक्षी दल लंबे समय से सत्ता से बाहर हैं। सत्ता में आने के लिए व्याकुल हैं, इसीलिए एकजुट हुए हैं। दूसरी तरफ एनडीए सरकार के नौ साल में गरीबों के लिए ढेरों काम हुए।
कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सभी को भरोसा है तभी एनडीए गठबंधन जीत की हैट्रिक लगाने जा रहा है। उत्तर प्रदेश में हम 80 की 80 लोकसभा सीट जीतेंगे। ओमप्रकाश राजभर के दोबारा एनडीए में शामिल होने से गठबंधन को बल मिला है।
अपना दल नेता ने कहा, वह चाहती हैं कि एनडीए का कुनबा और बढ़े। जयंत चौधरी की अगुवाई वाले राष्ट्रीय लोकदल को भी एनडीए में शामिल होने का न्यौता दिया। 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का जो सपना देखा गया है, उसको सभी को मिलकर पूरा करना है।
सपा मुखिया अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा, जनता ने उन्हें नकार दिया है। 2024 में भी सपा के लिए कोई जगह नहीं है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के राहुल गांधी के अमेठी से चुनाव लड़ने के बयान पर कहा कि, दिल को खुश रखने के लिए गालिब ख्याल अच्छा है।
राहुल कहां से चुनाव लड़ते हैं? यह उनकी पार्टी का निर्णय है। प्रियंका गांधी वाड्रा के रायबरेली से चुनाव लड़ने के सवाल पर कहा, लोकतंत्र में सबको चुनाव लड़ने का हक है। किसकी कितनी राजनीतिक जमीन बची है सबको उसका टेस्ट करते रहना चाहिए। अनुप्रिया ने अपनी पार्टी के संदर्भ में कहा, उनका दल लगातार विस्तार ले रहा है।