सोशल मीडिया पर भी की थी अभद्र टिप्पणी
प्रयागराज (राजेश सिंह)। महिला से अभद्रता और भ्रष्टाचार में लिप्त अधिशाषी अभियंता सिंचाई खंड दो राकेश कुमार को निलंबित कर दिया गया है। शासन ने शनिवार को यह जानकारी सार्वजनिक की है। नालों के निर्माण में हुए खेल की जांच विजिलेंस कर रही है। विभाग के एक सहायक अभियंता और एक अवर अभियंता भी जांच के दायरे में हैं।
सिंचाई विभाग खंड दो ने जिले में पुल-पुलिया और नाला निर्माण में व्यापक खेल किया था। विभागीय जांच में मामला पकड़ में नहीं आने पर मुख्य अभियंता ने विजिलेंस से जांच कराने का फैसला लिया। एक सप्ताह पूर्व विजिलेंस के अफसरों ने जिले में आकर अधिशाषी अभियंता सिंचाई खंड दो राकेश कुमार, सहायक अभियंता शायद अली, और अवर अभियंता अरविंद सिंह से अभिलेख लेकर जांच प्रारंभ की थी।
शनिवार को मुख्यमंत्री कार्यालय ने एक्स पर संदेश जारी करके कहा कि अधिशाषी अभियंता राकेश कुमार को महिला से अभद्रता और चल-अचल संपत्ति का ब्यौरा नहीं देने पर निलंबित कर दिया गया है। बीते एक माह पूर्व महिला कर्मचारी पर टिप्पणी करने का मामला भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। निलंबित अधिशाषी अभियंता से बात करने पर बताया कि अभी उनके पास कोई आदेश नहीं आया है, मगर मामले की जांच विजिलेंस कर रही है।