प्रयागराज (राजेश सिंह)। प्रयागराज शहर स्थित स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल में एक गर्भवती महिला और उसके पति के साथ जूनियर डॉक्टरों के मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो भी तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें गर्भवती महिला पति को बचाने के लिए चीखती चिल्लाती सुनाई दे रही है। डॉक्टरों ने इस मामले में अस्पताल में तोड़फोड़ का आरोप लगाते हुए महिला और उसके पति के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। फिलहाल मुकदमा दर्ज नहीं हुआ है। पीड़ित ने थाने में फिलहाल तहरीर नहीं दी है।
एसआरएन अस्पताल में एक गर्भवती महिला अपने पति के साथ अल्ट्रासाउंड कराने के लिए आई थी। उसका आरोप है कि वह जैसे ही अल्ट्रासाउंड कक्ष में घुसी कि एक जूनियर डॉक्टर ने उसके पेट पर हाथ से धक्का देते हुए कमरे से बाहर कर दिया। इसका विरोध उसके साथ आए पति ने किया तो डॉक्टरों ने उसके साथ अभद्रता की और पुलिस को बुला लिया।
आरोप यह भी है कि पुलिस के पहुंचते ही कई और जूनियर डॉक्टर पहुंच गए पति की पिटाई करने लगे। बीच बचाव करने पर महिला के साथ भी हाथापाई की गई। इस दौरान घटना का किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिसमें महिला पति को बचाने के लिए चीखती चिल्लाती नजर आ रही है। मौके पर पुलिस भी मौजूद दिखाई दे रही है।
इस संबंध में अस्पताल प्रशासन की तरफ से थाने में तहरीर देकर कहा गया है कि अल्ट्रासाउंड कक्ष में कुछ लोग जबरन घुस गए और मना करने पर हाथापाई की और दरवाजे और खिड़कियों पर लगे कांच को तोड़ दिया। अपने रिश्तेदारों को बुलाकर डॉक्टरों के साथ मारपीट भी की गई। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। फिलहाल दोनों पक्ष एक दूसरे पर मारपीट का आरोप लगा रहे हैं। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।