प्रयागराज (राजेश सिंह)। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र के जीरो रोड स्थित ट्रांसपोर्ट का काम करने वाली फर्म के एकाउंटेंट को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। नौ नवंबर को उसे नई दिल्ली से पकड़ा गया। इसके बाद ट्रांजिट रिमांड पर यहां लाकर उसे जेल भेज दिया गया। आरोप है कि एकाउंटेंट ने अपने फर्म में 65 लाख का घोटाला किया था।
जीरो रोड के रहने वाले बद्रीश शुक्ला की रिस्पांस कार्गो मूवर्स के नाम से फर्म है। फर्म रेलवे से आने वाले सामानों को ट्रांसपोर्ट करती है। 2014 में मधुबनी बिहार के रहने वाले मुरारी कुमार झा ने फर्म में बतौर एकाउंटेंट ज्वाइन किया। कुछ समय बाद ही उसने फर्म का फर्जी लेटर पैड, रसीद, मुहर और फर्जी दस्तखत से कस्टमर का पैसा फर्म के खाते में ट्रांसफर न कर अपने खाते में ट्रांसफर करने लगा। धीरे धीरे उसने करीब 65 लाख रुपये अपने खाते में ट्रांसफर कर लिया।
कुछ समय समय पहले ऑडिट के समय गबन का पता चला। मुरारी से पूछताछ की गई तो उसने मान लिया कि घोटाला किया और पैसे वापस करने का वादा किया। लेकिन उसने पैसे नहीं दिए। सितंबर 2023 में बद्रीश ने मुरारी के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज करा दी। बहादुरगंज चौकी इंचार्ज आकाश सचान और उनकी टीम ने नौ नवंबर को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के बाहर से मुरारी को गिरफ्तार कर लिया। ट्रांजिट रिमांड पर उसे यहां लाया गया। इसके बाद उसे जेल भेज दिया गया।