परिवार ने पुलिस को शव उठाने से रोका
प्रयागराज (राजेश सिंह)। गंगानगर के उतरांव थाना क्षेत्र के छबिलहा गांव में दीपावली पर रविवार रात 42 वर्षीय अनिल श्रीवास्तव उर्फ पिंटू को उनके भतीजे सत्यम श्रीवास्तव ने झगड़े के दौरान चाकू मार दिया। घायल अनिल की सोमवार देर रात स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय में मौत हो गई। इसके बाद परिवारीजन शव लेकर घर चले आए।
मंगलवार की सुबह पुलिस अनिल का शव पोस्टमार्टम के लिए कब्जे में लेने पहुंची तो ग्रामीण विरोध करने लगे। परिवार के लोगों ने थानेदार के निलंबन, सरकार से आर्थिक मदद और आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए शव को उठाने से रोका तो पुलिसकर्मियों से झड़प हो गई।
एसीपी हंडिया सुधीर कुमार के अनुसार जमीन के लिए इनके बीच पुराना विवाद बना है। ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। कहा कि उनकी बात वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचा दी गई है।