प्रयागराज (राजेश सिंह)। ठंड अपने चरम पर पहुंच गई है। लगातार कई दिनों से पड़ रहे घने कोहरे और गलन ने लोगों को बेहाल कर दिया है। शून्य दृश्यता वाले कोहरे की वजह से पूरा जनजीवन ठप पड़ गया है। उपर से कड़ाके की ठंड के कारण रात का पारा भी छह डिग्री तक आ गिरा है।
बीते दिन यानी गुरुवार की दोपहर खिली धूप ने गलन से थोड़ी राहत जरूर दी पर बर्फीली हवाओं ने असर को बेअसर करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। ऐसे में कोहरे और भीषण ठंड से राहत की उम्मीद फिलहाल नहीं है।
मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक घने से अति घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। आज (शुक्रवार) भी कड़ाके की ठंड पड़ेगी। रात के साथ दिन का तापमान कम हो सकता है। सोमवार रात से शुरू हुआ घने कोहरे का दौर बुधवार की रात तक जारी रहा।
कोहरे और बर्फीली हवाओं के कारण पिछले एक सप्ताह से स्थिति ज्यादा खराब है। इस दौरान न्यूनतम तापमान छह से सात डिग्री सेल्सियस के बीच मंडरा रहा है। बुधवार को रात को भी घना कोहरा छाया और गलन भी बढ़ गई। कोहरा ऐसा कि आसमान से पानी टपकने लगा और इसकी वजह से जमीन भीग गई। जिन सड़कों का निर्माण हो रहा है, वहां कोहरे की वजह से फिसलन बढ़ गई। इस गलन मिश्रित कोहरे ने न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस तक ले आया। यह सामान्य से तीन डिग्री कम था। हालांकि दोपहर बाद खिली धूप ने अधिकतम तापमान को दो डिग्री ऊपर पहुंचा गया।