प्रयागराज (राजेश सिंह)। प्रयागराज-लखनऊ राजमार्ग पर शनिवार सुबह फाफामऊ में बड़ा हादसा होने से बच गया। एक ब्रेजा कार अनियंत्रित होकर रेलिंग तोड़कर डिवाइडर के पास जाकर लटक गई। नीचे गहरा खड्ढ था। संयोग ही रहा कि इसमें सवार लोग सुरक्षित रहे। जिस तरह से हादसा हुआ उसे देखकर मार्ग पर जा रहे अन्य वाहन सवारों के साथ राहगीरों की सांसें कुछ देर के लिए अटक गई थी।
हुआ यूं कि प्रतापगढ़ से शहर की ओर जा रही ब्रेजा कार जैसे ही फाफामऊ गांव के सामने पहुंची, सामने से अचानक एक साइकिल सवार आ गया। बताते हैं कि साइकिल सवार को बचाने के प्रयास में ब्रेजा कार चालक इसरार अहमद ने अचानक ब्रेक मारा। हालांकि कार नहीं रुकी और रेलिंग तोड़ते हुए डिवाइडर के पास जाकर अटक गई।
हादसे के बाद आसपास के लोगों के साथ ही राहगीर बचाव के लिए दौड़े और कार में फंसे चालक और पीछे बैठे इरफान को सकुशल बाहर निकाला। उन्हें चोटें नहीं आई। घटना के बाद लोगों की भीड़ घंटों जुटी रही। सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्रेन के जरिए क्षतिग्रस्त कार को बाहर निकाला।
