प्रयागराज (राजेश सिंह)। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से बारिश की संभावना भले ही गलत साबित हुई, लेकिन दो दिनों से अचानक बढ़ी गलन ने शहरियों को कंपकंपाने पर मजबूर कर दिया है। शुक्रवार को सुबह से ही घना कोहरा छाया रहा। दिन भर धूप न निकलने से अलाव, ब्लोअर, रूम हीटर और रजाई लोगों का सहारा रहा।
शुक्रवार को दिन की शुरुआत घने कोहरे के साथ हुई। वहीं, दिन भर घना कोहरा छाया रहा। इस दौरान रात के पारे में तेजी से गिरावट दर्ज की गई। रात का 7.6 तो दिन का तापमान 20.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इलाहाबाद विश्वविद्यालय के वातावरण एवं समुद्र विज्ञान विभाग के डॉ.शैलेंद्र राय ने बताया कि 15 जनवरी तक मौसम के इसी तरह रहने की संभावना है।