प्रयागराज (राजेश सिंह)। अलोपीबाग फ्लाईओवर के समानांतर बनने वाले पुल के प्रस्ताव को इसी हफ्ते शासन से मंजूरी मिल जाएगी। मार्च माह के अंदर पुल का निर्माण परेड मैदान की तरफ से किया जाएगा। 700 मीटर लंबे इस फ्लाईओवर के 95 करोड़ रुपये बजट को व्यय वित्त समिति से मंजूरी मिल चुकी है। पुल अलोपीबाग से शुरू होकर बैरहना चौराहे तक जाएगा। इसके बनने से चुंगी, हर्षवर्धन चौराहा व अन्य इलाकों का अवागमन आसान होगा। 15 मार्च के अंदर चुनाव आचार संहिता लागू होने की संभावना है। ऐसे में महाकुंभ 2025 परियोजना के तहत जो निर्माण कार्य होने हैं, उन्हें शासन से मंजूरी मिलना तय माना जा रहा है।
बेगम बाजार पुल के निर्माण में सेना की सशर्त एनओसी का बजट आचार संहिता लागू होने से पहले जारी हो सकता है। सूबेदारगंज रेलवे पुल के निर्माण में सेना की भूमि अधिग्रहित करने का बजट भी जारी हो जाएगा। इसके बाद इन सभी पुलों का निर्माण कार्य तेजी से शुरू होगा।
अलोपीबाग फ्लाईओवर को वित्त व्यय समिति से मंजूरी मिल गई है। शासनादेश प्राप्त होते ही कुछ दिनों में बजट जारी कर दिया जाएगा। उम्मीद है कि इसी हफ्ते अलोपीबाग फ्लाईओवर का शासनादेश प्राप्त हो जाएगा। - मनोज अग्रवाल, मुख्य परियोजना प्रबंधक, सेतु निगम, प्रयागराज