प्रयागराज (राजेश सिंह)। माफिया अतीक अहमद के कब्जे से खाली कराई गई जमीन पर अब गरीबों के आशियाने बसेंगे। कसारी-मसारी क्षेत्र में यह महत्वाकांक्षी आवासीय परियोजना तैयार की जा रही है, जहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर प्रशासन ने जमीन को मुक्त कराया था।
जानकारी के अनुसार बुधवार, 15 अक्टूबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस परियोजना का भूमि पूजन करेंगे। भूमि पूजन के बाद निर्माण कार्य तेजी से शुरू होने की उम्मीद है। इस परियोजना से प्रयागराज के सैकड़ों जरूरतमंद और बेघर परिवारों को पक्का मकान मिलने का रास्ता खुलेगा।
माफियाओं पर योगी सरकार के बुलडोजर एक्शन का एक और ऐतिहासिक परिणाम सामने आने वाला है। कभी जिस जमीन पर खौफ का साया रहता था, अब वहां गरीबों की मुस्कान और उनके अपने आशियाने की नींव रखी जाएगी।
मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह से खास बातचीत
इस पूरी परियोजना के स्वरूप और जमीनी हकीकत को जानने के लिए हमारे संवाददाता कुलदीप सिंह ने मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) हर्षिका सिंह से बातचीत की।
*कितनी बड़ी है जमीन और क्या होगा स्वरूप ?*
प्रशासन द्वारा मुक्त कराई गई इस बहुमूल्य जमीन पर आधुनिक सुविधाओं से युक्त बहुमंजिला आवासीय फ्लैट्स बनाए जाने की योजना है। प्रोजेक्ट को इस तरह डिजाइन किया गया है कि यहां रहने वाले परिवारों को शहरी क्षेत्र की तमाम बुनियादी सुविधाएं एक ही परिसर में मिल सकें।
कितने परिवारों को मिलेगा आवास ?
पहले चरण में सैकड़ों जरूरतमंद और बेघर परिवारों को सीधा लाभ मिलने की संभावना है। प्रशासन की सूची में उन परिवारों को प्राथमिकता दी जा रही है जिनके पास रहने के लिए पक्की छत नहीं है।
क्या होंगी पात्रता की शर्तें ?
सीडीओ हर्षिका सिंह ने स्पष्ट किया है कि योजना का लाभ पूरी तरह पारदर्शी तरीके से दिया जाएगा।
- आवेदक मूल रूप से प्रयागराज का निवासी होना चाहिए।
- परिवार के पास पूरे उत्तर प्रदेश में कहीं भी कोई पक्का मकान नहीं होना चाहिए।
- आवेदक की पारिवारिक वार्षिक आय शासन द्वारा निर्धारित गरीब / कम आय वर्ग (EWS) के दायरे में आनी चाहिए।
- सरकारी योजनाओं (जैसे पीएम आवास) के नियमों के अनुसार ही पात्रों का चयन किया जाएगा।
माफिया की अवैध संपत्ति पर गरीबों के आशियाने बनने की खबर से कसारी-मसारी और आसपास के जरूरतमंद परिवारों में खुशी की लहर है। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा और तैयारियों के पुख्ता इंतजाम कर लिए हैं।

