प्रयागराज (राजेश सिंह)। बारा तहसील के बघला गांव निवासी विनीत किशोर मिश्रा, जो मर्चेंट नेवी में चीफ ऑफिसर के पद पर तैनात हैं, पाकिस्तान के कराची बंदरगाह के पास एक जहाज पर फंसे हुए हैं। उन्हें भारत लौटने में काफी परेशानी हो रही है।
विनीत के दो छोटे बच्चे हैं। पति के न लौट पाने से पत्नी नेहा मिश्रा बेहद परेशान हैं और उन्होंने पति की सुरक्षित वापसी के लिए मदद की गुहार लगाई है।
नेहा की अपील पर बारा विधायक डॉ. वाचस्पति ने केंद्रीय गृह सचिव को पत्र लिखकर विनीत की सुरक्षित भारत वापसी की मांग की है। विधायक ने बताया कि कंपनी से अनुमति और अन्य प्रक्रियाओं में देरी के कारण वापसी अटकी हुई है।
उन्होंने गृह मंत्रालय से मामले को गंभीरता से लेकर संबंधित विभागों से समन्वय कर जल्द कार्रवाई की अपील की है। अब पूरे परिवार को प्रशासनिक कार्रवाई का इंतजार है।
