पत्थर से सिर भी कूंचा, कल शाम से ही थी लापता
प्रयागराज (राजेश सिंह)। गंगानगर के झूंसी थाना क्षेत्र के भतकार गांव में एक महिला की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। खून से लथपथ उसका शव रविवार को सुबह कछार इलाके में मिला। उसके गले को धारदार हथियार से रेता गया था और सिर भी पत्थर से कुचल दिया गया था। खून से सना पत्थर शव के पास ही पड़ा मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने साक्ष्य एकत्र कर मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है।
मिली जानकारी के अनुसार रामाश्रय निषाद की पत्नी बिटोला देवी (45) शनिवार को दिनभर अपने पति व बेटे-बेटी के साथ खेत पर ही थी। शाम को तकरीबन सात बजे पति,बेटा और बेटी घर लौट आए, लेकिन बिटोला नहीं लौटी। रात तक उसके घर नहीं लौटने पर परिजनों को काफी चिंता होने लगी। काफी खोजबीन के बाद भी उसका कहीं पता नहीं चला।
रविवार की सुबह महिला का शव कछार इलाके में खून से लथपथ मिला। उसके गले को धारदार हथियार से काटा गया था और सिर को पत्थर से कुचला गया था। पत्थर भी शव के पास ही पड़ा मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य संकलन किया। परिजनों से भी घटना के बारे में पूछताछ की गई।