मृतक की पहचान पवन यादव निवासी मुंगराव गांव, हंडिया के रूप में हुई है। वह समाजवादी पार्टी के जिला सचिव के पद पर थे और पूर्व में ग्राम प्रधान भी रह चुके थे। 7341
जानकारी के अनुसार गंगानगर जोन के हंडिया थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम पवन यादव सड़क पर खड़े होकर कुछ लोगों से बातचीत कर रहे थे। तभी बाइक पर सवार होकर तीन बदमाश वहां पहुंचे, जिनमें से दो ने हेलमेट लगा रखा था। एक बदमाश ने पवन यादव पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। पीठ में गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़े और हमलावर मौके से फरार हो गए। 7341
स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल पवन यादव को आनन-फानन में इलाज के लिए स्वरूपरानी नेहरू (SRN) अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। 7341
सूचना पर हंडिया थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य माध्यमों से हमलावरों की पहचान करने में जुटी है। हत्या किस वजह से की गई, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस पुरानी रंजिश समेत सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
