Ads Area

Aaradhya beauty parlour Publish Your Ad Here Shambhavi Mobile

रामनवमी पर अयोध्या में रामलला का दिव्य अभिषेक, पीएम मोदी ने दीं शुभकामनाएं

sv news

अयोध्या। राममंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद यह पहली रामनवमी है। इसीलिए यह रामनवमी खास और ऐतिहासिक है। आज दिन में भगवान श्रीराम का सूर्य तिलक होगा। लेकिन उससे पहले ही रामलला के दर्शनों के लिए रामभक्त अयोध्या में उमड़ पड़े हैं। सवेरे से ही रामभक्तों ने सरयू में डुबकी लगाकर मंदिर की राह पकड़ ली है। 

रामलला के दर्शन के लिए लाखों भक्त अयोध्या में

रामनवमी के मौके पर आस्था का सैलाब अयोध्या में उमड़ पड़ा। रामलला के दर्शन के लिए लाखों भक्त अयोध्या में हैं। 

राम लला को छप्पन भोग लगाया गया: आचार्य सत्येन्द्र दास

राम नवमी उत्सव पर राम जन्मभूमि मंदिर के मुख्य पुजारी आचार्य सत्येन्द्र दास कहते हैं कि राम लला को छप्पन भोग लगाया गया। पूरी व्यवस्था कर ली गई है। आज राम नवमी का मेला है। भक्त प्रार्थना कर रहे हैं और आज सब कुछ विशेष है। 

रामनवमी के अवसर पर अयोध्या में राम मंदिर में पूजा की गई। रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद पहली बार अयोध्या के राम मंदिर में रामनवमी मनाई जा रही है। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है कि "श्री राम नवमी की पावन बेला में आज, श्री राम जन्मभूमि मंदिर में प्रभु श्री रामलला सरकार का दिव्य अभिषेक किया गया"।

भगवान श्रीराम का आशीर्वाद आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को नई ऊर्जा प्रदान करेगा:पीएम

मुझे पूर्ण विश्वास है कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम का जीवन और उनके आदर्श विकसित भारत के निर्माण के सशक्त आधार बनेंगे। उनका आशीर्वाद आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को नई ऊर्जा प्रदान करेगा। प्रभु श्रीराम के चरणों में कोटि-कोटि नमन और वंदन!

'प्रभु श्रीराम भारतीय जनमानस के रोम-रोम में रचे-बसे हैं'

पीएम मोदी ने अगली पोस्ट में लिखा प्रभु श्रीराम भारतीय जनमानस के रोम-रोम में रचे-बसे हैं, अंतर्मन में समाहित हैं। भव्य राम मंदिर की प्रथम रामनवमी का यह अवसर उन असंख्य राम भक्तों और संत-महात्माओं को स्मरण और नमन करने का भी है, जिन्होंने अपना पूरा जीवन राम मंदिर के निर्माण के लिए समर्पित कर दिया।

'रामनवमी के इस उत्सव में आज अयोध्या एक अप्रतिम आनंद में है'

पीएम मोदी ने लिखा यह पहली रामनवमी है, जब अयोध्या के भव्य और दिव्य राम मंदिर में हमारे राम लला विराजमान हो चुके हैं। रामनवमी के इस उत्सव में आज अयोध्या एक अप्रतिम आनंद में है। 5 शताब्दियों की प्रतीक्षा के बाद आज हमें ये रामनवमी अयोध्या में इस तरह मनाने का सौभाग्य मिला है। यह देशवासियों की इतने वर्षों की कठिन तपस्या, त्याग और बलिदान का सुफल है।

पीएम मोदी ने रामनवमी पर दीं शुभकामनाएं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रामनवमी के मौके पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा देशभर के मेरे परिवारजनों को भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव रामनवमी की अनंत शुभकामनाएं! इस पावन अवसर पर मेरा मन भावविभोर और कृतार्थ है। ये श्रीराम की परम कृपा है कि इसी वर्ष अपने कोटि-कोटि देशवासियों के साथ मैं अयोध्या में प्राण-प्रतिष्ठा का साक्षी बना। अवधपुरी के उस क्षण की स्मृतियां अब भी उसी ऊर्जा से मेरे मन में स्पंदित होती हैं।

भगवान रामलला के दर्शन करने के लिए पहुंचे श्रद्धालु

रामनवमी के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु अयोध्या में राम मंदिर में भगवान रामलला के दर्शन करने के लिए पहुंचे हैं।

राम मंदिर में भक्तों की भीड़ उमड़ी

अयोध्या में रामनवमी के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु राम मंदिर में पहुंचे हैं। भगवान रामलला के दर्शन करने के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Top Post Ad