Ads Area

Aaradhya beauty parlour Publish Your Ad Here Shambhavi Mobile

भीषण गर्मी से मचा हाहाकार: प्रयागराज और आसपास के इलाकों में हीट स्ट्रोक से 15 लोगों की मौत, कई अस्पताल में भर्ती

SV News

प्रयागराज (राजेश सिंह)। प्रयागराज के आस-पास इलाकों में भीषण गर्मी जानलेवा बन गई है। लू और गर्मी की चपेट में आकर सोमवार शाम तक 15 लोगों की मौत हो गई। इसमें आठ प्रयागराज, पांच कौशांबी और दो लोगों की मौत प्रतापगढ़ में हुई है। वहीं, गर्मी से हालत बिगड़ने पर कई लोगों को अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया। हालात यह हैं कि दिन ही नहीं रात में भी तापमान अधिक होने से सुकून नहीं मिल पा रहा है।
सोमवार को प्रयागराज एक बार फिर उत्तर प्रदेश में सबसे गर्म जिला रहा। अधिकतम 47.6 व न्यूनतम तापमान 34.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश में प्रयागराज व कानपुर एयरफोर्स न्यूनतम तापमान के मामले में एक समान रहे। 
सुबह 10 से शाम चार बजे तक सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। गर्मी के विकराल रूप को देखते हुए मौसम विभाग ने 22 जून तक लू का अलर्ट जारी किया है। ऐसे में पूरे सप्ताह अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहने का अनुमान है। मंगलवार की बात करें तो अधिकतम तापमान 47 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। वहीं, न्यूनतम तापमान भी 33 डिग्री सेल्सियस के अधिक रहने की संभावना जताई गई है।
आलम यह है कि सुबह 10 बजे के बाद से अंगार बन चुकी सड़कों पर एक कदम चलना भी मुश्किल था। कई राहगीरों को सिर दर्द व बेचैनी की समस्या रही। अस्पतालों में उल्टी-दस्त के मरीजों की संख्या में भी इजाफा हुआ है। इतना ही नहीं रोजाना डायरिया के 15 से 20 मरीज सामने आ रहे हैं। मौसम के जानकारों के मुताबिक मानसून 22 जून के बाद आने की संभावना है।
लू लगने से सोमवार को एसआरएन में 20 व बेली में पांच मरीज भर्ती हुए। इसके अलावा डायरिया के मरीजों की संख्या में भी बढ़ोतरी हुई है। जिसके चलते एसआरएन में पांच, बेली में आठ व कॉल्विन में पांच मरीज भर्ती हुए हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Top Post Ad