प्रयागराज (राजेश सिंह)। योग गुरु बाबा रामदेव शनिवार को प्रयागराज पहुंचे। चार्टर्ड से वह जॉली ग्रांट एयरपोर्ट देहरादून से प्रयागराज एयरपोर्ट पहुंचे। यहां से वह बहादुरगंज स्थित कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी के आवास पर पहुंचे। मंत्री नंदी और उनकी पत्नी पूर्व महापौर अभिलाषा गुप्ता ने बाबा रामदेव का गुलदस्ता देकर स्वागत किया। रामदेव ने नंदी के नवविवाहित बेटे और बहू को आशीर्वाद दिया।
इसके बाद परिवार के अन्य सदस्यों से भी मिले। करीब आधे घंटे तक यहां ठहरने के बाद रामदेव प्रयागराज एयरपोर्ट के लिए रवाना हो गए। इस मौके पर यहां सुरक्षा व्यवस्था की तगड़ी व्यवस्था की गई थी। जेड श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त योग गुरु के आगमन की सूचना एक दिन पहले ही प्रशासन को मिल गई थी।
कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी के घर पर शनिवार को मेहमानों का तांता लगा हुआ है। सुबह डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के बाद, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी आशीर्वाद देने के लिए पहुंचे थे। इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी पहुंचकर नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद प्रदान किया। शाम को सिक्किम के राज्यपाल लक्ष्मणाचार्य और केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान के आने की भी सूचना है। इसके अलावा दर्जन भर से अधिक मंत्री पहुंच रहे हैं। नंदी के बेटे की शादी के उपलक्ष्य में आशीर्वाद समारोह का आयोजन ममफोर्डगंज स्थित भारत स्काउट गाइड इंटर कॉलेज मैदान में शनिवार को किया गया है।