Ads Area

Aaradhya beauty parlour Publish Your Ad Here Shambhavi Mobile

बाढ़ का पानी निकलने के साथ खाली होने लगे राहत शिविर, कई इलाके अब भी चपेट में

SV News

प्रयागराज (राजेश सिंह)। गंगा और यमुना का जलस्तर कम होने के साथ बस्तियों से भी बाढ़ का पानी निकलने लगा है। इसके साथ राहत शिविरों से लोग घर वापस होने लगे हैं। शनिवार सुबह से सभी राहत शिविर बंद कर दिए जाएंगे। नदियाें के जलस्तर में लगातार गिरावट जारी है। शुक्रवार रात आठ बजे तक छतनाग में जलस्तर पर 82 मीटर से भी नीचे चला गया, हालांकि छोटा बघाड़ा, बेली कछार के निचले इलाके में कुछ घर बाढ़ की चपेट में हैं।
बाढ़ का पानी निकलने के बाद सात शिविरों से ज्यादातर परिवार अपने घर वापस हो गए। एनी बेसेंट, महबूब अली इंटर कॉलेज में देर शाम तक कुछ ही लोग थे। प्रशासन ने शनिवार सुबह से शिविरों को बंद करने की बात कही है। वहीं, सदर तहसील के अंतर्गत 350 बाढ़ पीड़ितों को महापौर गणेश केसरवानी ने राशन किट वितरित किए। उधर, करछना के राहत शिविरों में विधायक पियूष रंजन निषाद ने 200 परिवारों को राशन किट दिए।
बस्तियों से बाढ़ का पानी तो निकलने लगा है लेकिन गदंगी छोड़ गया है। गलियों और नदी जल के किनारे पर जगह-जगह गंदगी का ढेर है। बाढ़ क्षेत्र के नालों की गंदगी भी ऊपर से बह रही है। इससे बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। वहीं, नगर निगम ने बघाड़ा-नेवादा में विशेष सफाई अभियान चलाया। इसके लिए 30 से अधिक टीमें लगाई गई हैं। छोटा बघाड़ा में अमिताभ बच्चन पुलिया से आगे गंगा तट पर बाढ़ से आया मलबा पड़ा है। वहां नाला ओवरफ्लो कर रहा है। यही स्थिति बाढ़ क्षेत्र में अन्य जगहों पर भी है। बेली कछार के नालों का पानी भी सड़क पर बह रहा था। इसके अलावा वहां गदंगी रही। यही स्थिति नेवादा, गंगानगर में भी रही। क्षेत्र में में गदंगी के साथ दुर्गंध से भी लोग परेशान हैं। 

सफाई में लापरवाही पर जेई का वेतन रोका, अधिशासी अभियंता से तलब

सफाई में लापरवाही और नगर आयुक्त चंद्र मोहन गर्ग के निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित रहने पर अवर अभियंता एसके मिश्रा का वेतन रोक दिया गया है, साथ अधिशासी अभियंता अनिल मौर्या को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। नगर आयुक्त ने शुक्रवार को अशोक नगर, नेवादा, छोटा बघाड़ा में बाढ़ प्रभावित इलाकों का निरीक्षण किया। कई जगहों पर नालियां ध्वस्त मिलीं। नगर आयुक्त ने इन्हें ठीक कराने का निर्देश दिया। उन्होंने बेसमेंट तथा प्लाॅट से पानी निकालने के निर्देश दिए। नगर आयुक्त ने क्षेत्र में सफाई अभियान चलाने तथा कीटनाशकों के छिड़काव के निर्देश दिए। नगर आयुक्त ने पाया कि अधिक दुकानों की वजह से थार्नहिल रोड पर जाम लग रहा है। उन्होंने सड़क को अतिक्रमण मुक्त करने को कहा। इसके अलावा डेयरी संचालकों को नोटिस जारी कर उन्हें हटवाने के निर्देश दिए।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Top Post Ad