जौनपुर में नायब तहसीलदार के पद पर कार्यरत हैं, 2019 में उत्तीर्ण की थी पीसीएस परीक्षा
प्रयागराज (राजेश सिंह)। कोरांव के उल्दा गांव निवासी अतुल सिंह का भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) में चयन हो गया है। शुक्रवार को परिणाम घोषित होने के बाद क्षेत्र में खुशी का माहौल है। लोग फोन और घर पर पहुंचकर उनके परिजनों को बधाई दे रहे हैं।
वर्तमान में अतुल जौनपुर सदर में नायब तहसीलदार के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने UPSC परीक्षा में 697वीं रैंक हासिल की है। उनके पिता जितेंद्र प्रकाश सिंह कौशांबी में समाज कल्याण विभाग में अकाउंटेंट हैं, जबकि माता अर्चना सिंह गांव में आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री हैं। अतुल ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा कोरांव में अपने नाना हृदय नारायण सिंह और नानी नसपत्ती देवी के सानिध्य में पूरी की। उन्होंने इंटरमीडिएट की पढ़ाई प्रयागराज से की और कानपुर से बीटेक की डिग्री हासिल की। अतुल ने वर्ष 2019 में पीसीएस परीक्षा भी उत्तीर्ण की थी। उनके बड़े पिता ओमप्रकाश सिंह सेल टैक्स विभाग में कमिश्नर पद से सेवानिवृत्त हुए हैं, और उनके स्वर्गीय बाबा रामचंद्र सिंह पूर्व माध्यमिक विद्यालय में शिक्षक थे।
