सोनभद्र (राजेश सिंह)। सोनभद्र जिले में पिछले 24 घंटे में 70 एमएम की बारिश से जिले के नदी-नाले उफना गए हैं। छह साल बाद लबालब होने पर धंधरौल बांध के सभी 22 फाटक खोल दिए गए हैं। बांध से 12 हजार क्यूसेक पानी निकाला जा रहा है। इससे घाघरा नदी और नहर का जलस्तर बढ़ने से तटवर्ती इलाकों में बाढ़ की स्थिति बन गई है। प्रशासन ने संबंधित क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ा दी है।
धंधरौल बांध का उच्चतम जलस्तर 317.90 मीटर है। रविवार को दिन और रात में हुई तेज बारिश से बांध का जलस्तर 317.60 मीटर तक पहुंच गया। नगवां बांध पहले से ही भरा हुआ है। बिहार के सीमावर्ती क्षेत्र में तेज बारिश के चलते नगवां बांध में लगातार पानी आ रहा है। इसके मद्देनजर बांध से पांच हजार क्यूसेक पानी धंधरौल बांध में छोड़ा जा रहा है। इसके चलते धंधरौल बांध के जलस्तर में लगातार वृद्धि हो रही है।
करीब 110 साल पुराने इस बांध की सुरक्षा को देखते हुए सोमवार की सुबह बांध के सभी 22 फाटक खोल दिए गए। करीब 12 हजार क्यूसेक पानी छोड़े जाने से घाघरा नदी और नहर में जलस्तर बढ़ गया है। नहर और नदी के तटवर्ती इलाकों में पानी भरने लगा है।