केंद्रीय अस्पताल, डिजिटल खोया-पाया केंद्र और सार्वजनिक शरणालय का भी करेंगे उद्घाटन
मुख्यमंत्री करेंगे अस्थायी कलेक्ट्रेट कार्यालय का लोकार्पण, सभागार में पहली बैठक करेंगे सीएम योगी
प्रयागराज (राजेश सिंह)। तीर्थराज में महाकुंभ नगर जनपद की घोषणा के बाद अब इसके जिला कलेक्ट्रेट में शनिवार से कामकाज शुरू हो जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कलेक्ट्रेट के अस्थायी कार्यालय का लोकार्पण करेंगे। मुख्यमंत्री ही इसमें पहली बैठक करेंगे। यह बैठक कलेक्ट्रेट के संगम सभागार में संतों के साथ होगी। डिफेंस एक्सपो माडल में इसे मुंबई के आर्किटेक्ट की मौजूदगी में स्थानीय वेंडर ने बनवाया है।
परेड मैदान में बांध के पास त्रिवेणी मार्ग पर यह अस्थायी कलेक्ट्रेट लगभग ढाई वर्ग फीट में बनवाया गया है। इसमें महाकुंभ नगर जनपद के जिलाधिकारी का कार्यालय, विशेष कक्ष व न्यायालय भी बनवाया गया है। इसके साथ ही पांच एडीएम व पांच एसडीएम का कार्यालय है।
महाकुंभ में विशेष कार्याधिकारी के लिए भी कार्यालय बनाया गया है। इसमें मीटिंग रूम के साथ ही सभागार भी बनाया गया है। प्रयागराज जिला कलेक्ट्रेट में जिस तरह से सभागार का नाम संगम सभागार दिया गया है, उसी तरह महाकुंभ नगर के कलेक्ट्रेट के सभागार का नाम भी संगम सभागार ही दिया गया है, जहां महत्वपूर्ण बैठकें होंगी।
यहां एक कैफेटेरिया व मेस भी संचालित किया जाएगा। श्रद्धालुओं व आमजन के लिए शानदार प्रतीक्षालय बनवाया गया है। इसकी वुडिंग फर्श है जिस पर मैटिंग बिछाई गई है। इसके साथ ही श्रद्धालुओं को सुविधा पर्ची तथा अन्य समस्याओं के समाधान के लिए पटल 10 काउंटर भी बनाए गए हैं, जहां पटल सहायक तथा सहयोगी तैनात किए गए हैं।
ये कर्मचारी कलेक्ट्रेट कर्मियों की तरह ही कार्य करेंगे। इसे तैयार करने वाले लल्लूजी गोपालदास एंड संस के प्रोपराइटर यश अग्रवाल ने बताया कि इसके लिए मुंबई के आर्किटेक्ट को हायर किया गया। यही नहीं इस अस्थायी जिला कलेक्ट्रेट कार्य समय से पहले पूरा कर लिया गया। मुख्यमंत्री संगम नोज के साथ ही पीएम के जनसभा स्थल का भी निरीक्षण करेंगे।
मुख्यमंत्री के भ्रमण के दृष्टिगत डीएम रविंद्र कुमार मांदड़ ने शुक्रवार को अरैल क्षेत्र में कार्यक्रम से संबंधित स्थलों व मार्ग का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। वहीं महाकुंभ मेलाधिकारी विजय किरन आनंद व अन्य अधिकारियों ने भी निरीक्षण किया। मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह ने इस बाबत वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से तैयारियों की समीक्षा की। इसमें मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत, डीएम प्रयागराज तथा महाकुभ मेला कार्यालय में महाकुंभ के डीएम जुड़े रहे।