नई दिल्ली। चौंपियंस ट्रॉफी 2025 से पहले भारतीय टीम ने इंग्लैंड को 3 मैचों की वनडे सीरीज में क्लीन स्वीप किया। पहले और दूसरे वनडे में भारत ने इंग्लैंड को 4-4 विकेट से और तीसरे मुकाबले में 142 रन से रौंदा। इसके साथ ही भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने एक बड़ा कारनामा भी कर दिया। इतना ही नहीं उन्होंने भारत के सबसे सफल कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को भी पीछे छोड़ दिया है।
पहले भारतीय कप्तान बने रोहित शर्मा
रोहित शर्मा सबसे ज्यादा बार 3 वनडे मैचों की सीरीज में विरोधियों का सफाया करने वाले भारतीय कप्तान बन गए हैं। उन्होंने अब तक 4 बार यह कारनामा किया है। इससे पहले महेंद्र सिंह धोनी और विराट कोहली ने अपनी कप्तानी में 3-3 बार विरोधी टीम को वनडे सीरीज में क्लीन स्वीप किया था। इतना ही नहीं रोहित शर्मा वनडे फॉर्मेट में 4 अलग-अलग विरोधियों को व्हाइटवॉश करने वाले पहले भारतीय कप्तान बने हैं।
रोहित शर्मा ने वनडे में क्लीन स्वीप
रोहित शर्मा ने अपनी कप्तानी में 2022 में वेस्टइंडीज को 3-0 से हराया था। इसके बाद हिटमैन की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने 2023 में श्रीलंका और न्यूजीलैंड को वनडे सीरीज में क्लीन स्वीप किया था। अब मैन इन ब्लू ने इंग्लैंट टीम का सूपड़ा साफ कर दिया है। भारतीय टीम ने इंग्लैंड को तीसरे वनडे में 142 रन से हराया। इंग्लैंड के खिलाफ वनडे में यह भारत की दूसरी सबसे बड़ी जीत है। इंग्लैंड के विरुद्ध वनडे में भारत की सबसे बड़ी जीत 158 रन से है। भारतीय टीम ने 2008 में राजकोट में यह जीत दर्ज की थी।
इंग्लैंड के खिलाफ वनडे में भारत की सबसे बड़ी जीत
158 रन: राजकोट, 2008
142 रन: अहमदाबाद, 2025
133 रन: कार्डिफ, 2014
127 रन: कोच्चि, 2013
126 रन: हैदराबाद, 2011