कुम्भनगर (राजेश शुक्ला)। महाकुंभ के सेक्टर- 16 में स्थित किन्नर अखाड़ा में अर्द्ध आर्ट एंड कल्चर गैलरी का शुभारंभ हुआ है। यह शुभारंभ जगदगुरू जगद्गुरु कृष्ण देवानंद गिरी महाराज और किन्नर अखाड़े की आचार्य महामंडलेश्वर डाॅ. लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी ने किया।
प्रदर्शनी का अवलोकन करने के बाद प्रदर्शनी की प्रशंसा करते हुए डाॅ. लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी ने कहा कि ऐसी प्रदर्शनी का आयोजन और होना चाहिए इससे कलाकारों की कला को बढ़ावा मिलता है और कला को लोगों को जानने, समझने का मौका मिलता है।
इस प्रदर्शनी में एक से बढ़कर एक झलक दिख रही है। पेंटिंग के जरिए नरमुंंड की माला भी बनाई गई है। श्रद्धालु इस प्रदर्शनी का अवलोकन 26 फरवरी महाशिवरात्रि तक कर सकेंगे। अर्द्ध आर्ट एंड कल्चर के क्यूरेटर दीपक भदौरिया ने बताया कि 40 कलाकार और 250 पेंटिग व मूर्ति बनायी गयी जो प्रदर्शनी में शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि इस प्रदर्शनी में देश के भिन्न-भिन्न भागों से कलाकारों ने भाग लिया है। इस दौरान किन्नर अखाड़ा के संरक्षक महंत दुर्गा दास, महामंडलेश्वर स्वामी कौशल्यानंद गिरि, महामंडलेश्वर कनकेश्वरी नंद गिरी, महामंडलेश्वर स्वामी मनिकंडन महराज, महामंडलेश्वर स्वामी इंदू नंद गिरि सहित अन्य लोग थे।