नई दिल्ली। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुई भगदड़ की घटना पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने शोक व्यक्त किया। उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ्य होने की कामना की। बता दें कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर महाकुंभ जाने वाले यात्रियों की भीड़ उमड़ पड़ी। ट्रेन पकड़ने के दौरान स्टेशन पर भगदड़ मच गई। हादसे में 18 लोगों की जान गई है। वहीं 12 यात्री घायल हैं। मृतकों में 14 महिला यात्री हैं। सरकार ने उच्चस्तरीय जांच का आदेश दिया है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने एक्स पर लिखा कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर मची भगदड़ में लोगों की मौत की खबर सुनकर बहुत दुख हुआ। मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करती हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूं।
पीएम मोदी ने जताया दुख
पीएम मोदी ने भी भगदड़ पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ से व्यथित हूं। मेरी संवेदनाएं उन सभी लोगों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है।घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। अधिकारी भगदड़ से प्रभावित सभी लोगों को सहायता पहुंचा रहे हैं।