मेजा, प्रयागराज (श्रीकान्त यादव)। क्षेत्र के लखनपुर गांव में मंगलवार को एक साथ देवरानी-जेठानी की अर्थी निकली तो परिवार में कोहराम मच गया। दोनों का अंतिम संस्कार सिरसा छतवा के गंगाघाट पर किया गया।
मिली जानकारी के अनुसार मेजा के लखनपुर गांव निवासी सेना के रिटायर्ड रमेश यादव की पत्नी जयराजी देवी का अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। जब उनको घर ले आया गया तो उनकी देवरानी सरस्वती देवी पत्नी अवधेश यादव की सदमे में हृदय गति रुक जाने से निधन हो गया। एक साथ देवरानी-जेठानी का निधन होने से गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मंगलवार को सुबह देवरानी-जेठानी की अर्थी निकली और छतवा गंगा घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। गांव में शोक का माहौल है। वहीं जेठानी जयराजी देवी के इकलौते पुत्र सुजीत यादव ने मुखाग्नि दी है। देवरानी सरस्वती देवी के दो पुत्र हैं। बड़े पुत्र सुनिप यादव घर पर कारोबार करते हैं और मुनीश यादव उत्तर प्रदेश पुलिस में हैं, जो इस समय महाकुम्भ में ड्यूटी पर तैनात हैं। सूचना पाते ही सीधे घर रवाना हुए। सरस्वती देवी को मुखाग्नि बड़े पुत्र सुनिप यादव ने दी है। इस दुःख की घड़ी में प्रधान प्रतिनिधि संदीप तिवारी, भाजपा नेता राजीव मणिकांत तिवारी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य सुरेश यादव, सपा नेता नितेश तिवारी सहित गांव के कई लोगों ने शोक व्यक्त किया है।