देवरिया। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक शादी में सात फेरे से पहले ही दूल्हे की पहली पत्नी पहुंच गई। उसे मौके पर जमकर हंगामा काटा, लोगों के लाख समझाने पर बात नहीं बनी। बताया जा रहा है कि पथरदेवा उपनगर के मैरिज हाल में दूसरी शादी रचाने के दौरान उस समय हंगामा शुरू हो गया, जब पहली पत्नी कुशीनगर के रामकोला थाने की पुलिस को लेकर पहुंच गई और शादी रुकवा दी। पुलिस दूल्हे को लेकर कुशीनगर रवाना हो गई। उधर, वधू पक्ष के लोगों ने दूल्हे के पिता को बंधक बना लिया और खर्च और सामान वापस करने की मांग करने लगे। देर रात तक दोनों पक्षों में पंचायत होती रही। किसी तरह से मंगलवार की सुबह दूल्हे के पिता को रिहा किया। कुशीनगर जनपद के रामकोला थाना क्षेत्र के कुशमहां गांव के रहने वाले युवक की पहली शादी फाजिलनगर थाना क्षेत्र के सुमही गांव में हुई थी। लोगों के मुताबिक, शादी के कुछ दिनों बाद पति-पत्नी में विवाद होने लगा। इससे नाराज होकर पत्नी अपने मायके चली गई। युवक की दूसरी शादी बघौचघाट थाना क्षेत्र के हरखौली दुलार पट्टी गांव में तय हो गई।