प्रयागराज (राजेश सिंह)। 8 मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस है। इसके उपलक्ष्य में भाजपा महिला मोर्चा की ओर से विशेष पहल की जा रही है। यूपी के सभी जनपदों में अंगदान जागरूकता शिविर और महिलाओं के सम्मान के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। बीजेपी महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री डॉ. कीर्तिका अग्रवाल को इस अभियान का प्रदेश संयोजक बनाया गया है। इनकी देखरेख में सभी जिलों में 7, 8 और 9 मार्च को कई कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं।
इसमें ऐसी महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा, जिन्हें मुद्रा योजना, लखपति दीदी, जनधन योजना, स्वनिधि योजना जैसी योजनाओं का लाभ मिला और वह खुद सक्सेज हुईं। डॉ. कीर्तिका अग्रवाल ने बताया, महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष वानति श्रीनिवासन व प्रदेश अध्यक्ष गीता शाक्य के दिशा निर्देशन में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर विभिन्न आयोजन हो रहे हैं।
इसी साल अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की थीम प्रधानमंत्री की केंद्रीय योजनाओं के माध्यम से “महिलाओं का वित्तीय सशक्तिकरण” पर केंद्रित है। संगठनात्मक दृष्टिकोण से प्रदेश के 98 जिलों में महिला मोर्चा की पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की टीम इस कार्यक्रम में शामिल हो रही हैं।