नई दिल्ली। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में आज मुंबई इंडियंस का सामना सनराइजर्स हैदराबाद से हो रहा है। आईपीएल 2025 के इस 33वें मैच में मुंबई के कप्तान हार्दिक पांड्या ने टॉस जीता और पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। मुकाबला शुरू होने से पहले मुंबई इंडियंस के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा को सम्मानित किया गया। बीसीसीआई अध्यक्ष रोजर बिन्नी ने रोहित शर्मा को स्मृति चिन्ह दिया।
आईपीएल ने शेयर किया वीडियो
रोहित के इस सम्मान का वीडियो आईपीएल के एक्स अकाउंट पर शेयर किया गया है। इस वीडियो के साथ कैप्शन में लिखा गया, श्मुंबई इंडियंस के रोहित शर्मा को बीसीसीआई अध्यक्ष रोजर बिन्नी से विशेष स्मृति चिन्ह प्राप्त हुआ।श् इसके साथ ही रोहित आईपीएल 2025 में सम्मानित होने वाले तीसरे भारतीय प्लेयर बन गए हैं। इससे पहले विराट कोहली और महेंद्र सिंह धोनी को भी सम्मानित किया जा चुका है।
2008 से आईपीएल खेल रहे रोहित
रोहित शर्मा आईपीएल के पहले सीजन से लीग का हिस्सा हैं। वह लीग में दूसरे सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले और तीसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। रोहित शर्मा ने अपने आईपीएल करियर की शुरुआत डेक्कन चार्जर्स से की थी। पहले 3 सीजन पर इस फ्रेंचाइजी का हिस्सा रहे थे। इसके बाद रोहित मुंबई इंडियंस से जुड़ गए थे। 2011 से रोहित लगातार मुंबई के लिए खेल रहे हैं।
रोहित शर्मा ने आईपीएल में अब तक 262 मैच खेले हैं। इस दौरान 257 पारियों में उन्होंने 29.31 की औसत और 131.18 की स्ट्राइक रेट से 6684 रन बनाए हैं। लीग में रोहित ने 2 शतक के साथ ही 43 अर्धशतक भी लगाए हैं। इस लिस्ट में टॉप पर विराट कोहली हैं। विराट 258 मुकाबलों में 8252 रन जड़ चुके हैं। वहीं शिखर धवन ने 222 मुकाबलों में 6769 रन बनाए हैं। रोहित जल्द ही धवन को पछाड सकते हैं।
आईपीएल में सबसे ज्यादा रन
विराट कोहलीः 8252 रन
शिखर धवन 6769 रन
रोहित शर्मा 6684 रन
डेविड वॉर्नर 6565 रन
सुरेश रैना 5528 रन
एमएस धोनी 5373 रन
आईपीएल में सबसे ज्यादा मैच
एमएस धोनी 271 मैच
रोहित शर्मा 262 मैच
विराट कोहली 258 मैच
दिनेश कार्तिक 257 मैच
रवींद्र जडेजा 247 मैच