नई दिल्ली। आईपीएल 2025 के 33वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस का सामना सनराइजर्स हैदराबाद से हुआ। मुंबई ने इस मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद को 4 विकेट से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की। पहले बल्लेबाजी करने हुए सनराइजर्स हैदराबाद ने 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 162 रन बनाए।
इसके जवाब में मुंबई ने 18.1 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। मुंबई इंडियंस प्वाइंट्स टेबल में सातवें स्थान पर पहुंच गई है। वह कोलकाता से नेट रन रेट से पीछे है।
मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। हैदराबाद को पहले बल्लेबाजी मिलने के बाद फैंस को उम्मीद थी कि वानखेड़े में बड़ा स्कोर बनेगा, लेकिन हुआ पूरा उल्टा। पहले ही ओवर में हैदराबाद के दोनों सलामी बल्लेबाजों ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा को जीवनदान मिला।
पहले ही ओवर में मिला जीवनदान
हालांकि, अभिषेक शर्मा और हेड दोनों ही इसका फायदा नहीं उठा सके। अभिषेक 28 गेंद पर 40 रन और 29 गेंद पर हेड ने 29 रन की पारियां खेली। हैरानी की बात रही कि दोनों के बल्ले से एक भी सिक्स नहीं निकला। ईशान किशन ने एक बार फिर निराश किया और वह दो रन बनाकर आउट हो गए। धीमी पिच पर हैदराबाद के बल्लेबाज बेबस दिखे।
नीतीश रेड्डी ने 19 रन का योगदान दिया। हेनरिक क्लासेन ने इस मैच का पहला सिक्स जड़ा। बुमराह का शिकार बनने से पहले क्लासेन ने 28 गेंद पर 37 रन की पारी खेली। अनिकेत वर्मा ने 8 गेंद पर नाबाद 18 रन बनाए। मुंबई की तरफ से विल जैक्स ने दो विकेट चटकाए।
रोहित शर्मा ने दी तेज शुरुआत
इसके जवाब में उतरी मुंबई इंडियंस की टीम ने तेज शुरुआत की। रोहित शर्मा ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 16 गेंद पर 26 रन की पारी खेली। अपनी इस पारी के दौरान रोहित ने तीन सिक्स लगाए। रिकल्टन ने 23 गेंद पर 31 रन का योगदान दिया। सूर्यकुमार 26 रन बनाकर आउट हुए।
प्वाइंट्स टेबल में मचाई खलबली
विल जैक्स ने 36 रन की पारी खेली। इसके बाद तिलक वर्मा और कप्तान हार्दिक पांड्या ने टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचा दिया। आखिर में जब टीम को 1 रन चाहिए था दो विकेट गिरे, हालांकि, तिलक ने चौका लगाकर मैच खत्म किया। हैदराबाद के लिए कप्तान पैट कमिंस ने तीन सफलता हासिल की।
इस जीत के साथ मुंबई इंडियंस ने प्वाइंट्स टेबल में सातवें स्थान पर पहुंच गई है। वह नेट रन रेट के मामले में कोलकाता से पीछे है। हैदराबाद 9वें स्थान पर ही काबिज है।