Ads Area

Aaradhya beauty parlour Publish Your Ad Here Shambhavi Mobile

गैस रिसाव के बाद हुआ जोरदार धमाका, ब्लास्ट के साथ लगी आग में आठ लोग झुलसे

SV News

धमाके के बाद घटनास्थल पर दीवार हुई जमींदोज, मचा हड़कंप

प्रतापगढ़ (राजेश सिंह)। जिले में गैस रिसाव से धमाके के साथ एक घर में आग लग गई। घटना में दो परिवार के आठ लोग झुलस गए। कमरे की दीवार जमींदोज हो गई। झुलसे लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, उदयपुर थाना इलाके के भंवरी गांव में अशोक कुमार का परिवार खाना खाने के बाद रात दस बजे एक ही कमरे में सो रहा था। इस बीच कमरे में ही रखे गैस सिलेंडर में रिसाव शुरू हो गया। धीरे-धीरे पूरे कमरे में गैस भर गई। रात 2 बजे के करीब गैस का प्रेशर इतना बढ़ा कि अशोक के कमरे में जोरदार धमाका हो गया। धमाके के बाद आग लग गई और अशोक समेत पत्नी रेनू, पुत्र सनी, रवि और किशन झुलस गए। धमाके के चलते अशोक के कमरे की पक्की दीवार भी दो तरफ से धराशायी हो गई। दीवार गिरते ही बगल के कमरे में सो रहे भाई विजय की पत्नी गीता, उनकी दोनों बेटियां प्रिया व रियांशी भी झुलसकर घायल हो गए। दोनों कमरों के बीच बनी दीवार धमाके में गिरने के बाद भाई विजय के परिवार के लोग भी चपेट में आ गए। रात दो बजे हुई घटना के आठ घायलों को सांगीपुर सीएचसी लाया गया। यहां हर गंभीर देख सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। यहां भी हालत में सुधार नहीं होने पर घायलों को प्रयागराज रेफर कर दिया गया है। कुछ घायलों की हालत नाजुक भी बताई जा रही है। गनीमत रही कि गैस सिलेंडर में धमाका नही हुआ, वर्ना बड़ी अनहोनी से इंकार नही किया जा सकता था।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Top Post Ad