2015 में उत्तर प्रदेश में प्रतिनियुक्ति पर आए थे आईएएस अधिकारी आंजनेय कुमार सिंह
लखनऊ (राजेश सिंह)। केंद्र सरकार ने वर्ष 2005 बैच के सिक्किम काडर के आइएएस अधिकारी आंजनेय कुमार सिंह की प्रदेश में प्रतिनियुक्ति एक वर्ष के लिए फिर बढ़ा दी है। अब वह अगस्त 2026 तक प्रदेश में तैनात रहेंगे। हालांकि सोमवार रात तक नियुक्ति विभाग को उनकी प्रतिनियुक्ति बढ़ने का केंद्र से कोई आदेश प्राप्त नहीं हुआ है। आंजनेय कुमार वर्ष 2015 में उत्तर प्रदेश प्रतिनियुक्ति पर आए थे। उनकी सातवीं बार प्रतिनियुक्ति की अवधि बढ़ी है। प्रदेश में तैनाती के दौरान वे बुलंदशहर, फतेहपुर और रामपुर के जिलाधिकारी रह चुके हैं। इसके बाद उन्हें मार्च, 2021 में मुरादाबाद का मंडलायुक्त बना दिया गया था। उनकी प्रतिनियुक्ति इसी 14 अगस्त को समाप्त हो गई थी। इसके बाद वो 60 दिन के अवकाश पर चले गए थे। उन्होंने अपना प्रभार मुरादाबाद के डीएम को सौंप दिया था।
गौरतलब है कि आंजनेय रामपुर में जब जिलाधिकारी थे तब सबसे अधिक चर्चा में आए थे। फरवरी 2019 में लोकसभा चुनाव के दौरान उन्होंने सपा नेता आजम खां के खिलाफ आचार संहिता उल्लंघन के मामले में कार्रवाई की थी। इस दौरान आजम द्वारा की गई आपत्तिजनक टिप्पणी ने भी उन्हें सुर्खियों में ला दिया था। उन्होंने आजम के खिलाफ कई मुकदमे दर्ज कराए थे।